Noida News : लुप्त प्रजाति के कछुआ पालने वाला बुजुर्ग डॉक्टर गिरफ्तार

Dec 13, 2025 - 12:48
Noida News : लुप्त प्रजाति के कछुआ पालने वाला बुजुर्ग डॉक्टर गिरफ्तार
Symbolic Image

Noida News : थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के सेक्टर 20 में रहने वाले एक डॉक्टर को वन विभाग ने गिरफ्तार किया है। डॉक्टर पर आरोप है कि उन्होंने लुप्त प्राय प्राणि के अंतर्गत आने वाले दो कछुओं को पाल रखा था। उनके खिलाफ थाना सेक्टर 20 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

Police Station Sector 20 Noida News : पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम यमुना प्रसाद ने बताया कि थाना सेक्टर 20 में बीती रात को वन दरोगा शनि गौतम ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उन्हें सूचना मिली कि डी- 11 सेक्टर 20 में स्थित रश्मि मेडिकल सेंटर में दो कछुओं को पाल कर रखा गया है। सूचना के आधार पर वह मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने पूछताछ की तो पता चला कि डॉक्टर कैलाश चंद्र सूद पुत्र विजय प्रकाश सूद उम्र 75 वर्ष ने दो भारतीय कछुओं को पाल रखा है। उन्होंने एक पारदर्शी डिब्बे में दोनों कछुआ को रखा था। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद जब कैलाश चंद सूद से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कछुए मैंने पाल रखे हैं।

 उन्होंने बताया कि वन दरोगा ने कछुओं को डिब्बे से बाहर निकाला तथा उन्हें संरक्षण में लिया। इस मामले में वन दरोगा ने थाना सेक्टर 20 में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, धारा 40, धारा 50 तथा धारा 51 के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि आरोपी डॉक्टर को थाना सेक्टर 20 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों कछुओं को वन विभाग की टीम अपने साथ लेकर गई है।