Noida News : सेक्टर-104-105 की डिवाइडिंग रोड पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवार यूपी के वन पर्यावरण राज्य मंत्री के निजी सहायक को टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायल व्यक्ति के भाई की शिकायत पर सेक्टर-39 थाने की पुलिस ने अज्ञात फॉर्च्यूनर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Noida News :
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार निजी सहायक कई फिट दूर जाकर गिरा। इसमें उनका कंधा और पैर टूट गया। यह हादसा सात जुलाई को हुआ था पर केस अब दर्ज कराया गया है। अब तक टक्कर मारने वाली फॉर्च्यूनर की पहचान नहीं हो पाई है।
थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जनपद एटा के सिमराऊ निवासी अवतार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई लोकेश कुमार सात जुलाई को दोपहर दो बजे के करीब यूपी के वन मंत्री केपी मलिक के सेक्टर-93 स्थित आवास पर था। वहां से वह कुछ सामान लेने के लिए बाइक से सेक्टर-31 जा रहा था। रास्ते में सेक्टर-104-105 की डिवाइडिंग रोड पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने टक्कर मारकर लोकेश को घायल कर दिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जांच में पता चला है कि लोकेश का एक पैर टूट गया है और कूल्हा दो जगह से टूटा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने हादसे वाली जगह से गुजरने वाली कई फॉर्च्यूनर कार को चिन्हित किया है। टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।