Noida News : बिहार का कुख्यात गैंगस्टर डब्बू यादव को यूपी एसटीएफ ने मार गिराया, हत्या, डकैती समेत 24 संगीन मामलों में था वांछित
Noida News : उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल( नोएडा यूनिट) और बिहार पुलिस ने एक संयुक्त मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश को बीती रात को मार गिराया है। यह बदमाश बिहार के जनपद बेगूसराय से एक सामाजिक कार्यकर्ता की हत्या के मामले में हत्या के मामले में फरार चल रहा था। इसके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके पास से पुलिस ने अवैध हथियार, एक मोटरसाइकिल आदि बरामद किया है।
UP STF Noida Unit News : यूपी एसटीएफ (नोएडा यूनिट) के एसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि एक सूचना के आधार पर एसटीएफ तथा बिहार पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ के दौरान डब्बू यादव पुत्र सूर्य नारायण यादव निवासी जनपद बेगूसराय बिहार को मार गिराया है। उन्होंने बताया कि इसके ऊपर बिहार सरकार द्वारा 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि यह गैंगस्टर कुख्यात अपराधी है और इसका बेगूसराय जनपद में रजिस्टर्ड गैंग है। इसके गैंग का नंबर ए-121 है। उन्होंने बताया कि 24 मई वर्ष 2025 को शाहपुर कमाल थाना अंतर्गत जनपद बेगूसराय के हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम पार्टी) के प्रखंड अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता विकास कुमार उर्फ राकेश को डब्बू यादव ने अपने गैंग की मदद से अपहरण कर लिया था, तथा उसकी हत्या कर दी थी। शव को उसने नदी के दियारा (खादर) क्षेत्र में बालू के अंदर गाण दिया था। इस मामले में जनपद बेगूसराय में मुकदमा दर्ज है। तब से यह फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि डब्बू यादव ने अपने खिलाफ गवाही देने के कारण महेंद्र यादव नामक व्यक्ति की 2017 में हत्या की थी। इसके अलावा इसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, रंगदारी वसूलने सहित विभिन्न धाराओं में 24 मुकदमे दर्ज हैं।

