Noida News : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर भाकियू की 30 को होगी पंचायत: अशोक भाटी

Noida News : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर 30 सितंबर होने वाली भारतीय किसान यूनियन की पंचायत को लेकर गांवों में जनसंपर्क एवं बैठकों का दौर जारी है।
पंचायत की तैयारियों को लेकर भाकियू के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। जिसमें एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना, जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, मनोज मावी, रॉबिन नागर सहित अन्य उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने बताया कि दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी की अगुवाई में 30 सितंबर को क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर पंचायत का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि ग्रेनो प्राधिकरण पर भाकियू की यह पहली पंचायत है। जिसमें जनपद गौतमबुद्व नगर के हजारों किसान भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि ग्रेनो प्राधिकरण पर पंचायत न करने को लेकर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दबाव बनाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर पहले से ही किसानों के एक संगठन का धरना चल रहा है। ऐसी स्थिति में वहां पर दूसरा कार्यक्रम आयोजित होने से कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकता है।