Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के भव्य उद्घाटन के लिए भाजपा ने कसी कमर
Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का 28 मार्च को होने वाले उद्घाटन को उत्तर प्रदेश भाजपा ऐतिहासिक बनाने में जुट गई है। इसको लेकर आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल ने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचकर वहां पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों तथा नेताओं के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। इससे पूर्व 22 मार्च को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आकर तैयारियों का जायजा लिया था। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरी भाजपा एक जुट होकर लग गई है।
Noida International Airport News : आगामी 28 मार्च को नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लोकार्पण कार्यक्रम और प्रधानमंत्री की रैली को ऐतिहासिक और सफल बनाने के उद्देश्य से आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, नोएडा विधायक पंकज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, नोएडा महानगराध्यक्ष महेश चौहान के अलावा अलीगढ़ व गाजियाबाद के जनप्रतिनिधि शामिल रहें।
बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, जनसहभागिता, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर गहन चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि आयोजन पूर्णतः सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं ऐतिहासिक स्वरूप में संपन्न हो।
बैठक के दौरान कहा गया कि 28 मार्च का दिन जनपद गौतमबुद्व नगर के लिए एक स्वर्णिम अवसर होगा, जब देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। नेताओं ने कहा कि यह केवल एक एयरपोर्ट का उद्घाटन नहीं, बल्कि विकास, रोजगार और नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला ऐतिहासिक क्षण होगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम की सफलता के किए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए निरंतर निगरानी रखी जाएगी। जेवर मे बैठक करने के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन के महामंत्री धर्मपाल ने बुलंदशहर और हापुड़ जनपद में जाकर भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
Dr Mahesh Sharma : इस बाबत गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा ने कहा कि उद्घाटन समारोह में एक लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है। इसको लेकर हर स्तर पर तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर भव्य पांडाल तैयार किया जा रहा है। हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी गई है कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि वर्ष ‘2021 में इसका शिलान्यास किया गया था और 2026 में इसका लोकार्पण किया जा रहा है। यह अपने आप में एक संपूर्ण एयरपोर्ट होगा जहां एमआरओ (हवाई जहाजों के रिपेयर की सुविधा), कार्गो (सामान ले जाने की सुविधा) और यात्री सेवा तीनों ही एक छत के नीचे उपलब्ध होंगी।’
एयरपोर्ट के साइज को लेकर उन्होंने कहा कि ‘यह दिल्ली के एयरपोर्ट से लगभग ढाई गुना बड़ा है। वहीं मुंबई के एयरपोर्ट से यह लगभग तीन गुना बड़ा है। एशिया के अंदर यह पहला बड़ा एयरपोर्ट होगा। उन्होंने कहा कि इसके चालू होने के बाद यहां रहने वाले लोगों और किसानों के जीवन में नया बदलाव आएगा। यहां की जमीन के भाव आज आसमान छू रहे हैं। विकास की नई गाथा लिखी जाएगी और युवाओं के रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। नए-नए उद्योग, नए निवेश और विश्व की प्रतिष्ठित कंपनियां गौतम बुद्ध नगर के जेवर क्षेत्र में आएंगी।’

