Noida News : नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड की राइफल चुराने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

Noida News : थाना फेस-वन पुलिस ने हरौला गांव में रहने वाले एक सिक्योरिटी गार्ड की राइफल चोरी करने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी है, जबकि उसका एक साथी मौके से भाग गया था, पुलिस ने पीछा करके उसे पकड़ लिया है।
Noida News : पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम विद्यासागर मिश्रा ने बताया कि हरौला गांव में रहने वाले सिक्योरिटी गार्ड श्याम सिंह ने थाना फेस-वन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 मार्च की रात को उसके घर से अज्ञात चोरों ने उसकी लाइसेंसी राइफल, मोबाइल फोन और कुछ नकदी चोरी कर ली है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर रही थाना फेस-1 पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश अवैध हथियार लेकर बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनकी तलाश में चेकिंग शुरू की। डीसीपी ने बताया कि हरौला गांव के बारात घर के पास दो बदमाश संदिग्ध अवस्था में आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।
Noida News : उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश रूबल पुत्र राम जाने खान निवासी जनपद बदायूं उम्र 21 वर्ष को लगी है, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से भाग गया। उन्होंने बताया कि पीछा करके पुलिस ने भागे हुए बदमाश दयाल सिंह पुत्र संतोष सिंह निवासी सेक्टर-15 को पकड़ लिया है। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके पास से सिक्योरिटी गार्ड की चोरी की गई लाइसेंसी राइफल, कारतूस आदि बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों के अपराधिक इतिहास के बारे में पता किया जा रहा है। बदमाशों ने पूछताछ के दौरान कई घटनाएं करनी स्वीकार की है।