Noida News : नोएडा में बुजुर्ग को बंधक व घायल कर लाखों की लूट, सेक्टरवासी सहमे

Noida News : थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-41 में रहने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति के घर पर हथियारबंद चार बदमाशों ने धावा बोला। एक बदमाश ने बुजुर्ग से कहा कि वह ड्राइवर है। बुजुर्ग को ड्राइवर रखना था। उन्होंने उनकी बात पर विश्वास करके घर के अंदर बुला लिया। बदमाशों ने हथियार के बल पर उन्हें बंधक बनाकर घर में रखी लाखों रुपए के जेवरात और नकदी लूट लिया। बुजुर्ग के अनुसार चार बदमाशों में एक महिला जैसा प्रतीत हो रहा था। पुलिस को शक है कि इस घटना में पीड़ित के घर की नौकरानी और ड्राइवर का हाथ हो सकता है।
Noida News : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-41 के सी-ब्लॉक में कृष्ण कुमार दीवान अपने बेटे पंकज दीवान के साथ रहते हैं। उनके बेटे पंकज दीवान किसी काम से गोवा गए हुए थे। 29 जनवरी की शाम को उनके घर पर कुछ लोग आए। एक व्यक्ति ने उनसे कहा कि वह कार का ड्राइवर है। बुजुर्ग को कार का ड्राइवर रखना था, क्योंकि उनका कार चालक नौकरी छोड़कर जा रहा था। उन्होंने उसकी बात पर विश्वास करके उसे घर के अंदर बुलाया। उसके पीछे-पीछे तीन लोग और आ गए। बुजुर्ग के अनुसार एक ने अपना मुंह ढक रखा था। उसने महिलाओं जैसे वस्त्र पहना था। पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने हथियार के बल पर उन्हें बंधक बना लिया। जब उन्होंने विरोध किया तो एक बदमाश ने हथियार की बट से उनके सिर पर हमला किया। बदमाशों ने उनके घर में रखी लाखों रुपए की जेवरात, नकदी आदि लूट लिया। बुजुर्ग ने घटना की सूचना अपने दूसरे बेटे रोहित दीवान को दी। रोहित दीवान ने मामले की शिकायत थाना सेक्टर-39 पुलिस से की है।
Noida News : इस घटना को लेकर सेक्टर-41 आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी में भी आपस में द्वंद छिड़ा हुआ है। पूर्व पदाधिकारियों ने वर्तमान पदाधिकारियांे पर आरोप लगा रहे हैं कि उनकी निष्क्रियता के चलते सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। लोग आरोप लगा रहे हैं कि पुलिस की लापरवाही और सेक्टर की आरडब्ल्यूए की निष्क्रियता के चलते आए दिन चोरी, लूट और छिनैती की वारदातें सेक्टर में हो रही हैं। पीड़ित के बेटे पंकज दीवान आज गोवा से वापस लौट रहे हैं। उसके बाद ही वह इस बात की पूर्ण जानकारी देंगे कि उनके घर से कितने का सामान लूटा है।
इस बाबत थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित बुजुर्ग के बेटे रोहित दीवान की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि बदमाश उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर भी अपने साथ ले गए हैं। आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से बदमाशों की तलाश की जा रही है।