Greater Noida West News: सितंबर माह तक ग्रेटर नोएडा वेस्ट वासियो को मिलने लगेगा गंगाजल

May 20, 2024 - 07:07
Greater Noida West News: सितंबर माह तक ग्रेटर नोएडा वेस्ट वासियो को मिलने लगेगा गंगाजल
Symbolic image

Greater Noida West News : जनपद गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा वेस्ट मे रहने वाले लोगो को अगले चार माह में गंगाजल का मिलना शुरू हो जाएगा। पहले चरण में 50 एमएलएडी आपूर्ति करने का काम लगभग 60 फीसदी पूरा हो गया है। सितंबर तक हर हाल में इसे चालू करने का लक्ष्य प्राधिकरण ने रखा है । इसके बाद दूसरे चरण का काम शुरू होगा। पाइप लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। जबकि अंडरग्राउंड वाटर रिजर्व (यूजीआर) का काम भी दो माह में पूरा हो जाएगा। इसके बाद गंगाजल आपूर्ति का ट्रायल शुरू हो जाएगा।

Greater Noida West News : 

मालूम हो कि नवंबर-2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगाजल परियोजना का शुभारंभ किया था। उसी साल दिसंबर-2022 तक हर हाल में ग्रेनो और ग्रेनो वेस्ट के निवासियों तक इसे पहुंचाना था। प्राधिकरण का दावा है कि ग्रेनो में 40 से अधिक सेक्टरों में 80 क्यूसेक एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति की जा रही है। जबकि असलियत इससे परे है। यही हाल ग्रेनो वेस्ट का है। यहां पर भी मार्च-2023 में गंगाजल पहुंचाना था, लेकिन एक साल से अधिक हो गया और अभी यह काम पूरा नहीं हो सका है। मगर अब ग्रेनो वेस्ट के निवासियों के दिन बहुरने वाले हैं। पानी के लिए आए दिन धरना प्रदर्शन करने वाले लोग आए दिन पानी की किल्लत को लेकर परेशान रहते हैं। कई सोसाइटियों में लोग बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। मगर अब उनकी समस्या जल्द ही दूर हो जाएगी। प्राधिकरण ने दो रिजर्व वायर का निर्माण भी लगभग पूरा करा लिया है। इसके बाद गंगाजल की पाइन लाइन का ट्रायल शुरू कर दिया जाएगा। ग्रेनो व ग्रेनो वेस्ट में गंगाजल आपूर्ति के लिए 25 यूजीआर बनाए गए हैं। शहर को शुद्ध पेयजल देने के लिए 85 क्यूसेक क्षमता की गंगाजल परियोजना को मूर्त रूप दिया है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गंगाजल परियोजना को साल-2005 में शुरू किया था और साल-2022 तक ही इसे पूरा किया जा सका। इन 17 साल में लाइन में लगे हुए पाइप भी जर्जर हो गए। खराब गुणवत्ता के कारण पाइप फटने शुरू हो गए। इससे गंगाजल घरों तक नहीं पहुंच पा रहा है। हालांकि अब यूजीआर के निर्माण का कार्य प्रगति पर है और चार माह में घरों तक पहुंचा दिया जाएगा।