Greater Noida News : मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म सिटी के निर्माण कार्य की प्रक्रिया जून माह से होगी शुरू

Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट सेक्टर-21 में प्रस्तावित फिल्म सिटी के निर्माण के लिए विकासकर्ता कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स कंपनी 14 जून तक कब्जा ले लेगी। कंपनी प्रथम चरण के निर्माण के लिए प्रस्तावित 230 एकड़ भूमि पर कब्जा लेगी और 6 माह में निर्माण कार्य शुरू कर देगी।
Greater Noida News :
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि सेक्टर-21 में 1000 एकड़ में फिल्म सिटी प्रस्तावित है। फिल्म निर्माता बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स ने भूटानी ग्रुप के साथ विकासकर्ता कंपनी का अधिकार प्राप्त किया है। कैबिनेट ने भी कंपनी को आवंटन पत्र जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि फिल्म सिटी निर्माण को लेकर उनकी और विकासकर्ता कंपनी के पदाधिकारियों के साथ दिल्ली में बैठक हुई। इसमें 14 जून तक जमीन पर कब्जा लेने पर सहमति बन गई है। 14 जून तक ही संबंधित एमओयू भी साइन कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की तरफ से कंपनी के समक्ष कुछ शर्तें रखी गईं हैं।
इन शर्तों में प्रमुख रूप से निर्माण शुरू करने से पहले कंपनी को यमुना प्राधिकरण में 80 करोड़ रुपये बतौर सुरक्षा राशि जमा करने होंगे। फिल्म सिटी से होने वाले राजस्व का 18 प्रतिशत भी यमुना प्राधिकरण को देना होगा। फिल्म सिटी के लिए मार्ग आदि अन्य जरूरी सुविधाएं प्राधिकरण विकसित करेगा, जबकि इसके डिजाइन और निर्माण का पूरा कार्य कंपनी को करना होगा।
बोनी कपूर विशेष प्रयोजन माध्यम संस्था (एसपीवी) भी बनाएंगे, ताकि तय किए गए नियमानुसार डिजाइन व निर्माण किया जा सके। यह भी जानकारी मिली है कि फिल्म सिटी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए बोनी कपूर लॉस एंजेल्स गए हुए हैं। वह 12 जून तक लौटेंगे। इसके बाद ही जमीन पर कब्जे के साथ ही निर्माण प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।