Greater Noida News : यूपी इंटरनेशनल ट्रेस शो का उद्घाटन कर सकते हैं भारत के प्रधानमंत्री, जिला शासन ने तैयारियां की शुरू

Aug 27, 2025 - 08:48
Greater Noida News : यूपी इंटरनेशनल ट्रेस शो का उद्घाटन कर सकते हैं भारत के प्रधानमंत्री, जिला शासन ने तैयारियां की शुरू
यूपी इंटरनेशनल ट्रेस शो का उद्घाटन कर सकते हैं भारत के प्रधानमंत्री, जिला शासन ने तैयारियां की शुरू

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 का उद्घाटन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा कई देशों के राजनयिक भी शिरकत करेंगे। पुलिस, जिला प्रशासन और प्राधिकरण ने इस बात को ध्यान में रखते हुए तैयारी शुरू कर दी है।जनपद गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी मेधा रूपम ने इस बात को लेकर इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में मंगलवार को एक बैठक की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सम्पूर्ण तैयारी करने का निर्देश दिया।

U P International Trade Show News : जिलाधिकारी ने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 का आयोजन 25 से 29 सितंबर के बीच ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होगा। उन्होंने कहा कि शो पूरे प्रदेश की प्रतिष्ठा का विषय है। मुख्यमंत्री इसकी प्रगति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था अच्छी रहनी चाहिए। यातायात के कारण किसी भी विदेशी मेहमान, दर्शक और व्यापारियों को परेशानी नहीं हो, इसका ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्य योजना तैयार करनी होगी। पार्किंग स्थल चिन्हित कर लिए जाएं, वहां पर दिशा सूचक बोर्ड लगाया जाए,ताकि पार्किंग तक पहुंचने और निकलने में किसी तरह की समस्या ना आए। आयोजन के दौरान जल भराव नहीं होना चाहिए। ड्रेनेज सिस्टम और पंपों की जांच व सफाई कर ली जाए। डीएम ने कहा कि आयोजन के दौरान होटल, गेस्ट हाउस की दरों पर नजर रखी जाएगी। निर्धारित दर से अधिक शुल्क वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक टीम इस पर काम करेगी। अगर किसी जगह अधिक किराया वसूला गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

 उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में विदेशी मेहमान भी पहुंचेंगे। उनके लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, ताकि वे यूपी की सांस्कृतिक धरोहर से परिचित हो सके। मेले में प्रदेश के प्रमुख पारंपरिक व्यंजन और खान-पांच स्टॉल भी होंगे। देश-विदेश के लोग यहां के खाने का स्वाद चख सकेंगे। डीएम ने परिवहन विभाग से कहा कि मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे से सटल बस सेवा की व्यवस्था की जाए। टैक्सी व ई- रिक्शा की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मोबाइल नेटवर्क की समस्या नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सभी मोबाइल कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग 24 घंटे आयोजन स्थल पर रहेगा। पर्याप्त संख्या में मेडिकल कैंप, डॉक्टर ,एंबुलेंस की आपातकालीन सेवाएं मौजूद होगी। उन्होंने कहा कि यहां पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।