Greater Noida News : मासूम बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने किया हमला, गंभीर रूप से घायल

Jul 4, 2024 - 07:37
Greater Noida News : मासूम बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने किया हमला, गंभीर रूप से घायल
Symbolic image

Greater Noida News : थाना बीटा- दो क्षेत्र के सेक्टर पी-2 स्थित केंद्रीय विहार सोसाइटी में लावारिस कुत्तों के झुंड ने एक मासूम बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्ची के दोनों कूल्हे, कमर और एक पैर पर काट लिया जिसकी वजह से उसे गंभीर जख्म हुआ है। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने उसे बचाया।

Greater Noida News: 

सोसाइटी के टावर ए-1 निवासी शेर सिंह यादव ने बताया कि उनकी बेटी सृष्टि यादव स्कूल से आने के बाद दोपहर करीब 2ः30 बजे पार्क में खेलने की जिद करने लगी। मां के अनसुना करने पर वह पार्क में खेलने चली गई। टावर के नीचे पहले से चार से पांच लावारिस कुत्ते थे। जिन्होंने उसके ऊपर अचानक हमला कर दिया तथा बच्ची को कई जगह काटकर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने मासूम को बचाया। सृष्टि को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल से दवाइयां व रेबीज का इंजेक्शन लगवाने के बाद वह अपनी बेटी को वापस घर वापस ले आए। उनके अनुसार इस घटना के बाद से उनकी बेटी काफी सहमी हुई है। उन्होंने केंद्रीय विहार वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों से कुत्तों को सोसाइटी से बाहर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में लावारिस कुत्तों की संख्या खासी ज्यादा है। जो झुंड बनाकर लोगों पर हमला कर देते हैं। बीते दो माह में यह तीसरी घटना है। कुत्तों के बार बार हमले से सोसाइटी में बच्चों के साथ बड़े भी दहशत में है। लोगों का आरोप है कि बिल्डर, सोसाइटी प्रबंधन और प्राधिकरण से कई बार लावारिस कुत्तों को पकड़ने की शिकायत की गई है। मगर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इस बाबत पूछने पर केंद्रीय विहार सोसायटी के जनरल मैनेजर आरके भाटिया ने कहा कि इस मामले में बिल्डर का कोई लेना देना नहीं है। सोसाइटी में केंद्रीय विहार वेलफेयर एसोसिएशन संचालित है। एसोसिएशन को एनजीओ से संपर्क कर कुत्तों की समस्या का निवारण करना चाहिए।