Greater Noida News : एनसीआर के कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढने वाले छात्र-छात्राओं को ओजी गांजा सप्लाई करने वाले चार गिरफ्तार

Jun 22, 2026 - 12:13
Greater Noida News : एनसीआर के कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढने वाले छात्र-छात्राओं को ओजी गांजा सप्लाई करने वाले चार गिरफ्तार

Greater Noida News : एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से समुद्री गांजा बेचने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने करीब तीन किलो 650 ग्राम बेशकीमती गांजा (ओजी) तथा घटना में प्रयुक्त दो वाहन थार, स्कॉर्पियो और चार लाख रुपया नगद बरामद किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी जनपद गौतम बुद्ध नगर मे स्थित विभिन्न कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को कीमती गांजा सप्लाई करते थे। पुलिस इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है। आरोपी थाईलैंड से गांजा तस्करी करके राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बेचते थे

Anti Narcotics Task Force and Police Station Knowlegde Park Greater Noida : पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय रवि शंकर निम ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कानपुर ने नोएडा पुलिस को सूचना दी की गोरखपुर के रहने वाले युवराज चौधरी उर्फ नवीन तथा शशांक अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो कार में सवार होकर अपने साथी प्रणय पुष्प को नोएडा में परी चौक के पास मादक पदार्थ ओजी गांजा( टेट्रा हाइड्रो केना बिनोल) की सप्लाई देने आने वाला है। उन्होंने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की गई। उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास एक थार जीप आकर रुकी। इसी बीच पीछे से एक स्कॉर्पियो कार आई। थार जीप में सवार युवक स्कॉर्पियो कार में जाकर बैठ गया। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्कॉर्पियो कार में बैठे लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम प्रणय पुष्प पुत्र अखिलेश चंद्र प्रसाद निवासी पटना सिटी बिहार उम्र 21 वर्ष, दूसरे ने अपना नाम युवराज चौधरी पुत्र संतोष चौधरी निवासी जनपद गोरखपुर उम्र 21 वर्ष, तीसरे व्यक्ति ने अपना नाम शशांक शाही पुत्र मनोज शाही उम्र 19 वर्ष निवासी जनपद गोरखपुर तथा चौथे ने अपना नाम रोहन चौधरी पुत्र राजन चौधरी निवासी जनपद गोरखपुर उम्र 20 वर्ष बताया। इनके पास से पुलिस ने 3 किलो 650 ग्राम ओजी गांजा, घटना में प्रयुक्त होने वाले दो वाहन स्कॉर्पियो और थार जीप, चार लाख रुपए नगद बरामद हुआ है।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी प्रणय द्वारा बताया गया कि उसने शारदा यूनिवर्सिटी से बीबीए की पढ़ाई हाल ही मे पूरी की है, तथा निम्बस कॉलोनी में रहता है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पढ़ते-पढ़ते अपने खर्चों के लिए गांजा की बिक्री करने लगा। इसी दौरान उसकी मुलाकात युवराज और शशांक से हुई। शशांक के परिवारजन थाईलैंड में रहते हैं। जिनका थाईलैंड आना रहता है। ये दोनों अपने साथी रोहन के साथ केंद्रीय विहार कॉलोनी में अपने परिचित के फ्लैट में रहकर थाईलैंड से मादक पदार्थ लाकर, तस्करी का काम करते हैं। प्रणय ने बताया कि दोनों से उसने मादक पदार्थ खरीदना शुरू कर दिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि ये लोग जनपद गौतम बुद्ध नगर क्षेत्र के विभिन्न कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को कीमती गांजा ओजी की सप्लाई करते हैं।