Greater Noida News : चोरी की बिजली से ई-रिक्शा हो रहे थे चार्ज, 56 लाख रुपए का जुर्माना लगाया
Greater Noida News : नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने हल्दौनी गांव में चोरी की बिजली से चल रहे ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन का पर्दाफाश किया है। मौके पर 27 ई- रिक्शा चार्ज होते मिले। एनपीसीएल ने आरोपी महिला पर 56 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही, रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज झा ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम हल्दौनी गांव में पहुंची तो चोरी की बिजली से एक साथ 27 ई-रिक्शा चार्ज हो रहे थे।
जांच के दौरान ये भी पता चला कि इस परिसर में चोरी की बिजली से एक साथ 60 ई-रिक्शा चार्ज करने की व्यवस्था थी। जिस परिसर में चोरी की बिजली से ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन का संचालन हो रहा था, वह नजमा नाम की महिला के नाम पर है। बिजली की चोरी करने के लिए दो अलग-अलग केबल अवैध तरीके से एलटी खंभे के टॉप बॉक्स से जोड़े गए थे। जांच के दौरान परिसर में 47 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई। इस पर आरोपी महिला नजमा पर 56 लाख का जुर्माना लगाया गया। साथ ही, एंटी पावर थेप्ट पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई है। मनोज झा ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

