Greater Noida News : पति और जेठानी के अवैध संबंधो के चलते महिला ने बच्चों समेत की थी आत्महत्या, मुकदमा दर्ज

Greater Noida News : थाना बिसरख क्षेत्र के पुराना हैबतपुर में रहने वाली एक महिला द्वारा अपने दो बच्चों के संग फंदे से लटक कर आत्महत्या करने के मामले में उसके भाई ने महिला के पति और उसकी भाभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। उसका आरोप है कि उसकी बहन के पति और जेठानी के बीच अवैध संबंध थे। जिस वजह से उसकी बहन ने आत्महत्या किया है।
Greater Noida : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि बीती रात को दिलीप कुमार पुत्र गोरखनाथ दिवाकर निवासी जनपद लखनऊ ने थाना बिसरख में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बहन आरती की शादी वर्ष 2012 में राजकुमार पुत्र रतीराम निवासी जनपद अमेठी के साथ हुई थी। पीड़ित के अनुसार उसकी बहन का पति राजकुमार उसकी बहन को पसंद नहीं करता था, तथा आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। पीड़ित के अनुसार इसी बीच उन्हें पता चला कि उसकी बहन के पति राजकुमार का उसकी सगी भाभी सावित्री से अवैध संबंध है। उनके अनुसार उसकी बहन ने यह बात उसे तथा उसकी बहन को बताई। उन लोगों ने राजकुमार को समझाया बुझाया लेकिन वह नहीं माना। पीड़ित के अनुसार उसकी बहन ने अपने पति और जेठानी को 3 अप्रैल को आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। जब उसने विरोध किया तो दोनों ने मिलकर उसे मारा पीटा तथा कहा कि हम ऐसे ही रहेंगे, तुम्हें रहना है तो रहो नहीं तो जाकर मर जाओ। पीड़ित के अनुसार इस बात से आजिज उसकी बहन ने अपनी 6 वर्षीय बेटी सोहनी, 4 वर्षीय बेटा रोहन तथा खुद को छत की रेलिंग से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर राजकुमार तथा श्रीमती सावित्री के खिलाफ भारतीय न्याया संहिता की धारा 108 तथा 85 के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।