Greater Noida News : भतीजे की बात चाची को लगी बुरी तो चलवा दी गोली, गिरफ्तार

Feb 13, 2025 - 19:35
Greater Noida News : भतीजे की बात चाची को लगी बुरी तो चलवा दी गोली, गिरफ्तार

Greater Noida News : थाना जारचा क्षेत्र के ग्राम नगला चमरू में रहने वाले युवक के ऊपर 11 फरवरी की रात को हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने उसकी चाची को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि मामूली विवाद में चाची ने अपने भाइयों को मायके से बुलाकर अपने भतीजे के ऊपर गोली चलवाई थी। पुलिस ने आरोपी चाची को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके भाई फरार हैं।

Greater Noida News : 

 थाना जारचा के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हरेंद्र भाटी ने 12 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह नगला चमरू गांव के रहने वाले हैं। पीड़ित के अनुसार 11 फरवरी की रात 10 बजे के करीब उसका भतीजा अंकित पुत्र रिशिपाल उम्र 30 वर्ष घर पर था, तभी तीन लोग आए। उन्होंने आवाज लगाकर उसे घर से बाहर बुलाया। जैसे ही उनका भतीजा गेट पर पहुंच तीनों लोगों ने उसके भतीजे के ऊपर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार गोली उसके भतीजे के पैर में लगी है। उसका उपचार ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में चल रहा है।

 उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की तथा बृहस्पतिवार को उक्त घटना को अंजाम दिलवाने वाली महिला श्रीमती नीतू पत्नी हरेंद्र भाटी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है की घायल अंकित की मां उसके घर के सामने खाली प्लाट में उपला पाथती है। आरोपी नीतू के बच्चे वहां पर खेलते हैं। जिसकी वजह से उपला खराब हो जाता है। घायल युवक की मां ने अपनी देवरानी के बच्चों को वहां खेलने से मना किया था। इस बात को लेकर नीतू और उसकी जेठानी में झगड़ा हो गया था। घायल युवक अपनी मां की तरफ से जाकर चाची से बहस करने लगा। यह बात उसकी चाची को नागवार गुजरी तथा उसने अपने भाइयों को फोन करके घर पर बुलाया। उसके भाइयों ने युवक के ऊपर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। इस मामले में गिरफ्तार महिला के पति ने ही थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था।