Ghaziabad News : नाबालिक युवक ने किया पांचवी कक्षा की छात्रा के साथ बलात्कार
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना मुरादनगर क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले दूसरे समुदाय के नाबालिक युवक पर पांचवी कक्षा की छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी और उसके परिवार के लोग गांव छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आज आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त अजय कुमार ने बताया कि थाना मुरादनगर क्षेत्र के एक गांव निवासी परिवार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव का एक युवक उनकी 10 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़िता कक्षा पांच में पढ़ती है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

