Ghaziabad News : स्नातक एमएलसी चुनावः सपा और कांग्रेस ने उतारा प्रत्याशी ,भाजपा प्रत्याशी के घोषणा का इंतजार

Oct 14, 2025 - 18:52
Ghaziabad News : स्नातक एमएलसी चुनावः सपा और कांग्रेस ने उतारा प्रत्याशी ,भाजपा प्रत्याशी के घोषणा का इंतजार
स्नातक एमएलसी चुनावः सपा और कांग्रेस ने उतारा प्रत्याशी ,भाजपा प्रत्याशी के घोषणा का इंतजार

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश में स्नातक एमएलसी सीट को लेकर सियासी माहौल गरमाने लगा है। मेरठ-सहारनपुर मंडल की स्नातक सीट के लिए 2026 में चुनाव होने हैं। चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। अब भाजपा प्रत्याशी के घोषणा का इंतजार है। व गुर्जरों के गढ़ से सपा ने गुर्जर प्रत्याशी उतारकर सियासी समीकरण साधे हैं।

मेरठ-सहारनपुर मंडल में स्थित नौ जिलों गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर की स्नातक एमएलसी सीट को लेकर सियासत तेज हो चुकी है। चुनाव में कांग्रेस ने विक्रांत त्यागी वशिष्ठ को प्रत्याशी बनाया है। सपा ने गौतमबुद्ध नगर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमेंद्र भाटी को मैदान में उतारा है।

कांग्रेस प्रत्याशी विक्रांत मूलरूप से जनपद गाजियाबाद के डूंडाहेड़ा गांव के निवासी हैं। वर्तमान में वह मेरठ के चाणक्यपुरी में रहते हैं। वह पिछले 25 सालों से कांग्रेस में हैं। इनके भाई विशाल वशिष्ठ कांग्रेस की प्रदेश टीम के पदाधिकारी हैं। त्यागी समाज से जुड़े नेता विक्रांत के प्रचार में जुटे हैं। उन्हें सोशल मीडिया पर भूमिहार समाज से बताकर प्रचार किया जा रहा है। इसके माध्यम से वह त्यागी मतदााताओं को साधने में लगे हैं।

वहीं समाजवादी पार्टी ने 2 दिन पू्र्व ही गौतमबुद्ध नगर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमेंद्र भाटी को मैदान मे उतारा है। वह गुर्जर बाहुल्य जिले गौतमबुद्ध नगर के मूल निवासी हैं। वहीं, दूसरी बार गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। पूर्व में दो बार वह बार कांउसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य पद का भी चुनाव लड़ चुके हैं। प्रमेंद्र भाटी का दावा है कि उन्हें वकीलों का शत-प्रतिशत समर्थन मिलेगा। इस सीट पर स्थित नौ जिलों में 40 हजार से अधिक वकील रजिस्टर्ड हैं। इन सभी वकीलों के परिवार उनके साथ हैं। इसके अलावा भी अन्य शिक्षित वर्ग के लोगों का उन्हें समर्थन हैं, जो सपा के पीडीए का समर्थन कर बदलाव चाहते हैं।

भाजपा ने इस सीट पर पिछले चुनाव में एतिहासिक जीत दर्ज की थी। भाजपा से चुनाव लड़े गाजियाबाद के दिनेश कुमार गोयल ने चार बार के लगातार विजेता रहे हेम सिंह पुंडीर को हराकर यह जीत दर्ज की थी। भाजपा इस बार किसे अपना प्रत्याशी घोषित करेगी, इस पर सभी सियासी दलों कि निगाहें लगी हैं।

वही सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भाटी ने कहा कि सपा की कथनी और करनी में अंतर नहीं है। सपा सभी को साथ लेकर चलती है। पार्टी ने पीडीए को और अधिक मजबूत करते हुए पश्चिम की इस सीट से गुर्जर अधिवक्ता को अपना प्रत्याशी बनाया है, जो पीडीए की आवाज को बुलंद करेगा। गरीब और शोषित, वंचित पीडितों की आवाज बनेगा। यह चुनाव एतिहासिक होने जा रहा है।