Ghaziabad News : दसवीं कक्षा के छात्रा के साथ बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार

Dec 22, 2025 - 19:39
Ghaziabad News : दसवीं कक्षा के छात्रा के साथ बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार
Symbolic Image

Ghaziabad News : गाजियाबाद जनपद के विजयनगर थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। अश्लील फोटो और वीडियो के जरिये ब्लैकमेल कर आरोपी ने छात्रा का कई बार शारीरिक शोषण किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पांडे ने बताया कि विजयनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने आज रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी 16 वर्षीय बेटी पास के ही एक स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा है। पिछले कुछ दिनों से उनकी बेटी का वजन लगातार बढ़ रहा था। उन्होंने पूछा तो बेटी ने तबीयत खराब होने की बात कही, जिसके बाद वह उसे जिला अस्पताल लेकर गईं। वहां डॉक्टरों ने खून की जांच कराई और बताया कि उनकी बेटी के हार्मोस असंतुलित हो रहे हैं। डॉक्टरों ने कहा कि बेटी को दवाई खिलाते रहो, जिससे उसका वजन कम हो जाएगा।

महिला के मुताबिक वह अपनी बहन के घर गई हुई थीं। वहां बेटी के पेट में दर्द होने लगा। उनकी बहन बेटी को डॉक्टर के पास लेकर गई तो पता चला कि वह गर्भवती है।महिला के मुताबिक, बेटी से इस बारे में पूछने पर वह रोने लगी। उसने बताया कि उसके स्कूल के पास मे रहने वाला मयंक उर्फ ऋतिक नाम का लड़का शुरुआत में उससे फोन पर बात करता था। एक दिन उसने झांसे में लेकर गाड़ी के अंदर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए।

महिला के मुताबिक उसकी बेटी ने बताया कि उसके अश्लील फोटो और वीडियो दिखाकर मयंक उसे ब्लैकमेल करने लगा। किसी को बताने पर वह फोटो और वीडियो स्कूल के बच्चों में वायरल करने की धमकी देता था। घटना के संबंध में महिला ने विजयनगर थाने में शिकायत दी थी। एसीपी ने बताया कि केस दर्ज कर मयंक उर्फ ऋतिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।