Dadri News : थाना दादरी पुलिस ने बुधवार की शाम को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। उक्त बदमाश ने वर्ष 2022 में अपने आठ साथियों के साथ मिलकर लोहे की सीट से भरे ट्रक को लूटा था। इसके कुछ साथी पूर्व में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आज मुठभेड़ में पकड़ा गया बदमाश तीन वर्ष से फरार चल रहा था।
Dadri News :
अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि थाना दादरी पुलिस 26 फरवरी की शाम को बसंतपुर बांगर जाने वाली सड़क के पास चैकिंग कर रही थी। तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया तो वह नहीं रुका, और भागने लगा। उन्होंने बताया कि पुलिस बल द्वारा शक होने पर पीछा किया गया तो बाइक सवार व्यक्ति द्वारा पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई। उन्होंने बताया कि पुलिस पार्टी ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली सोनू उर्फ निजाम पुत्र मैहर उर्फ मेहरुद्दीन निवासी खेकड़ा जनपद बागपत को लगी। उन्होंने बताया कि इसके पास से पुलिस ने एक देसी तमंचा ,कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल आदि बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि यह बदमाश थाना दादरी से वांछित था। इसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि उक्त बदमाश द्वारा वर्ष 2022 में अपने आठ अन्य साथियों के साथ मिलकर थाना दादरी क्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे से लोहे की चादर से भरे ट्रक को लूटा गया था। इसके अन्य साथियों की पूर्व में पुलिस ने गिरफ्तारी कर ली थी। यह 3 वर्ष से फरार चल रहा था। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ पूर्व में सात मुकदमे दर्ज हैं।