Noida News : थाना सेक्टर 24 पुलिस ने एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान वाहन चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी है। इनके पास से पुलिस ने चोरी किया हुआ ट्रैक्टर-ट्राली और अवैध हथियार आदि बरामद किया है।
Police Station Sector 24 Noida : पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम यमुना प्रसाद ने बताया कि थाना सेक्टर 24 पुलिस रविवार की देर रात को सेक्टर 54 के जंगल के पास चेकिंग कर रही थी, एक ट्रैक्टर पर सवार होकर दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया तो बदमाश ट्रैक्टर लेकर वहां से भागने लगे। जब पुलिस ने उन्हें पीछा करके घेर लिया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली वीरेंद्र कश्यप उर्फ बिंदु पुत्र करण निवासी जनपद पीलीभीत उम्र 34 वर्ष के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इसका एक साथी जसवंत सिंह मौके से भाग गया था, जिसे पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने देशी तमंचा, चोरी किया हुआ एक ट्रैक्टर ट्राली आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि ये लोग रेकी करके वाहन चोरी करते हैं। अभियुक्त वीरेंद्र कश्यप के ऊपर पूर्व में आठ मुकदमे जबकि जसवंत सिंह के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज है।