Noida News : कार सवार तीन बदमाशों ने युवक से मोबाइल फोन छीनकर खाते से निकाली रकम
Noida News : थाना सेक्टर 113 क्षेत्र के सेक्टर 72 के पास से कार सवार तीन बदमाशों ने एक युवक से उसका मोबाइल फोन छीन लिया तथा उसके खाते से एक अन्य व्यक्ति के खाते में 1.56 लाख रुपया ट्रांसफर कर दिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है की वेबसाइट के माध्यम से दोस्ती कर समलैंगिक संबंध बनाने वाले गैंग के लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
नितेश सिंह पुत्र अनिल सिंह ने बताया कि वह जनपद प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं तथा वर्तमान समय में नोएडा में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार वह सेक्टर 72 के पास बीती रात को खड़े थे। वहां पर तीन लड़के कार में सवार होकर आए। उनके अनुसार लड़कों ने उनसे बातचीत करनी शुरू की। बातों में फंसाकर उनका मोबाइल फोन ले लिया तथा उनके खाते से 1.56 लाख रुपए किसी अन्य के खाते में मोबाइल फोन के माध्यम से ट्रांसफर कर दिया। जब उन्होंने अपना फोन लेना चाहा तो उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की तथा उनका फोन लूटकर कार में बैठकर भाग गए।
थाना सेक्टर 113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आज घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना सोशल मीडिया पर समलैंगिक एप के माध्यम से दोस्ती कर लूटपाट करने वाले गैंग के द्वारा की गई है। पुलिस अधिकारी को अनुसार इस मामले में ठोस सुराग मिला है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।

