Noida News : महिला सुरक्षा सुदृढ़: पुलिस आयुक्त ने किया 28 वें पिंक बूथ का उद्घाटन
Noida News : चैत्र नवरात्रि के अवसर पर गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में संगठित अपराध को समाप्त करने के साथ-साथ महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने गौर सिटी-2 स्थित एक सोसाइटी के सामने नवनिर्मित 28 वें पुलिस पिंक बूथ का आज शुभारंभ किया। इस मौके पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि महिलाएं अपनी शिकायत छिपाने के बजाय पिंक बूथ पर जाकर बता सकती हैं। पिंक बूथ पर महिला पुलिसकर्मी ही शिकायत सुनती हैं। पुलिस अधिकारियों को अवगत कराकर समाधान कराना सुनिश्चित करती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं को सुनने के लिए पिंक बूथ की कवायद की जा रही है।
कमिश्नरेट के हर कोने में पिंक बूथ खोले जा रहे हैं। वर्तमान में 28 पिंक बूथ संचालित हो रहे हैं। महिला और युवतियां अपनी समस्याओं को पिंक बूथ पर जाकर बता रही हैं। महिला पुलिस कर्मियों को समस्या बताने में कोई हिचक भी नहीं होती है। इससे महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध के ग्राफ में भी कमी आ रही है। पिंक बूथ केवल सहायता केंद्र के रूप में नहीं हैं, बल्कि यहां पहुंचने पर समस्या समाधान भी होता है। इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त अजय कुमार, डीसीपी शक्तिमोहन अवस्थी, डीसीपी महिला अनुकृति शर्मा, एडीसीपी आर के गौतम, एसीपी पवन कुमार आदि मौजूद रहे पुलिस आयुक्त ने कार्यक्रम में मौजूद स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल बैग और पाठ्य सामग्री प्रदान किया।

