Noida News : करंट लगने से मजदूर की मौत, मिस्त्री घायल, मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Noida News : थाना सेक्टर -113 क्षेत्र के सेक्टर 117 स्थित ग्राम सोरखा में करंट लगने से एक मजदूर की हुई मौत के मामले में मकान मालिक के खिलाफ आज रिपोर्ट दर्ज हुई है। आरोप है कि काम के दौरान मकान में इधर-उधर गलत वायरिंग की गई थी। जिसे ठीक कराए बिना ही कर्मचारियों को काम पर लगा दिया गया।
Police Station Sector 113 Noida News : थाना सेक्टर 113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शिवराज वर्मा पुत्र राधेश्याम ने आज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका चचेरा भाई शोभरन पुत्र किशन निवासी जनपद शाहजहांपुर सोरखा गांव में रहने वाले खेमचंद के मकान में पिछले कई दिनों से राजमिस्त्री विजय कुमार के साथ मजदूरी का काम कर रहा था। पीड़ित के अनुसार 15 अगस्त की शाम के समय खेमचंद के मकान में बेलदारी का काम करते समय उसके चचेरे भाई शोभरन को करंट लग गया। उसे बचाने के लिए गए मिस्त्री विजय कुमार को भी बिजली का करंट लग गया। उन्होंने बताया कि दोनो को उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने शोभरन को मृत घोषित कर दिया, जबकि विजय को उपचार के लिए बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने आरोप लगाया है कि मकान मालिक खेमचंद ने अपने मकान में बिजली के तार अपेक्षापूर्ण तथा लापरवाही तरीके से लगाए थे। तार पुराने और जर्जर होने के कारण यह घटना हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

