Noida News : अखलाक हत्याकांड को दूसरे कोर्ट में ट्रांसफर करने की सुनवाई टली

Jan 14, 2026 - 19:12
Noida News : अखलाक हत्याकांड को दूसरे कोर्ट में ट्रांसफर करने की सुनवाई टली
File Photo

Noida News : अखलाक हत्याकांड को दूसरी कोर्ट में ट्रांसफर करने के लिए दायर याचिका पर आज सुनवाई टल गई है। अब सुनवाई 22 जनवरी को होगी। इस मामले के आरोपी पक्ष के वकील ने दस्तावेज़ जमा करने के लिए समय मांगा है। अनुरोध सुनने के बाद ज़िला जज अतुल श्रीवास्तव ने 22 जनवरी की नई तारीख दी।

पीड़ित परिवार की ओर से पेश वकील यूसुफ सैफी ने बताया कि बुधवार को याचिका पर बहस होनी थी, लेकिन बचाव पक्ष के वकील ने कोई बहस नहीं की। उन्होंने कोर्ट से दस्तावेज जमा करने के लिए और समय मांगा। कोर्ट ने अगली तारीख 22 जनवरी दी है। इसके बाद ही तय होगा कि मामले की सुनवाई एडिशनल जिला जज सौरभ द्विवेदी की फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होगी या किसी दूसरी कोर्ट में। पीड़ित के वकील ने बताया कि 23 जनवरी को अखलाक का परिवार भी अपनी गवाही देगा।

गौरतलब है कि आरोपी के वकील ने 8 जनवरी को मामले को दूसरी कोर्ट में ट्रांसफर करने के लिए याचिका दायर की थी। अब तक कोर्ट में सिर्फ अखलाक की बेटी शाइस्ता का बयान दर्ज हुआ है, जबकि उनकी पत्नी और बेटे दानिश के बयान अभी दर्ज होने बाकी हैं।