Noida News : हस्तशिल्प निर्यात 25 प्रतिशत तक बढ़ा : गिरिराज

Oct 13, 2026 - 23:13
Noida News : हस्तशिल्प निर्यात 25 प्रतिशत तक बढ़ा : गिरिराज
ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

Noida News : केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का हस्तशिल्प निर्यात लगभग 25 प्रतिशत तक बढ़ा है। भारत ने 40 देशों के साथ व्यापारिक संबंधों को आगे बढ़ाया है। आने वाले समय में 56 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) की संभावना है, जिससे हस्तशिल्प क्षेत्र के निर्यात को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित पांच दिवसीय आईआईजीएफ दिल्ली फेयर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) द्वारा आयोजित इस मेले का उद्देश्य भारतीय हस्तशिल्प उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाना, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ व्यावसायिक संपर्क बढ़ाना और देश के हस्तशिल्प निर्यात को नई गति देना है। उन्होंने आयोजकों से 10 प्रतिशत युवाओं को निर्यात कारोबार से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि इससे युवाओं को अंतरराष्ट्रीय व्यापार की संभावनाओं से परिचित कराने और निर्यात के अवसर उपलब्ध कराने से नए उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही रोजगार सृजन की संभावनाएं बढ़ेंगी। 

ईपीसीएच के अध्यक्ष नीरज खन्ना और महानिदेशक राकेश कुमार ने बताया कि वर्ष 1994 में शुरुआत के बाद से यह मेला वैश्विक खरीदारों के लिए प्रमुख कारोबारी मंच बन गया है। उनके अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में हस्तशिल्प का कुल निर्यात 33,168 करोड़ रुपये रहा।