Noida News : घने कोहरे के चलते हाईवे पर विभिन्न जगहों पर सीरीज में टकराए 20 वाहन, एक की मौत
Noida News : घने कोहरे में वाहनों के टकराने की घटनाएं आज लगातार तीसरे दिन जारी रहीं। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दो स्थानों पर करीब 20 वाहन एक दूसरे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। ईकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र में हुए हादसे में आठ वाहन सीरीज मे एक दूसरे से टकरा गए। जिनमें वाहन सवार 14 लोग घायल हो गए। जिन्हें जिम्स ले जाया गया। अस्पताल में भर्ती जनपद हापुड़ निवासी ट्रक चालक शाह आलम की देर रात को मौत हो गई। वह महाराष्ट्र से ट्रक मे चीकू भरकर मेरठ जा रहे थे।
विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में क्षतिग्रस्त वाहनों को दनकौर, इकोटेक-1 और कासना कोतवाली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात सुचारु कराया। साथ ही माइक से बोलकर वाहनों को निकाला। इस दौरान दृश्यता करीब शून्य से लेकर 50 मीटर तक रही।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र में स्थित अटाई गांव के पास हरियाणा से मेरठ की ओर जाने वाली लाइन पर 8 वाहन एक दूसरे से टकरा गए। हादसे में वाहनों में लदा तेल, आलू और चीकू समेत अन्य सामान एक्सप्रेसवे पर बिखर गया। हादसे में ट्रक, टाटा गाड़ी, पिकअप और कार समेत कई वाहन चालकों को गंभीर चोट आईं।
इकोटेक-1 कोतवाली के अटाई गांव से कुछ दूरी पर ही मेरठ से हरियाणा जाने वाली लाइन पर 12 वाहन एक दूसरे से टकरा गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय एक्सप्रेसवे पर कोहरा इतना घना था कि कुछ ही दूरी पर आगे चल रहे वाहन दिखाई नहीं दे रहे थे। अचानक वाहनों की रफ्तार कम होने से पीछे से आ रहे वाहन आपस में भिड़ते चले गए। देखते ही देखते कई कारें, ट्रक और अन्य वाहन एक-दूसरे से टकरा गए, जिससे अफरातफरी मच गई।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से लाउडस्पीकर के माध्यम से जीरो पॉइंट और जेवर के जीरो टोल कोहरे के दौरान वाहन चलाते वक्त सावधानी बरतने की अपील की।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गौतम ने बताया कि हादसे के बाद एंबुलेंस के जरिए 14 मरीजों को जिम्स अस्पताल मे भर्ती कराया गया। 4 मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इसके अलावा 5 मरीजों को प्रारंभिक उपचार के बाद जानकारों के साथ घर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि कोहरा अधिक होने की वजह से यह हादसा हुआ है। जिसमें वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। साथ ही कई घायल हो गए हैं। जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोहरे के दौरान वाहनों की गति काम करने की भी अपील की गई है। उन्होंने बताया कि जो लोग हादसे में घायल हुए उनके नाम प्रीतम (50) निवासी आगरा, लक्ष्मीकांत (25) निवासी जूनिया रायबरेली, वकालत (22) निवासी बक्सर, रमेश चंद्र (72) निवासी आगरा, मनोज शर्मा (38) निवासी आगरा, दीपक (35) निवासी अलवर, अरशद (32) निवासी मेरठ, काजल (15) निवासी जयपुर, प्रथम (27) निवासी सिकंदरा आगरा, करण (18) निवासी जयपुर, यादराम (30) निवासी गाजियाबाद, सूरज (45) निवासी अलवर और मेंहदी (30) निवासी जयपुर है।

