Noida News : गांधी-शास्त्री जयंती पर बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता, फर्स्ट ऐड बॉक्स प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
Noida News : बीएस मेमोरियल स्कूल में विजेता और मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बीएस मेमोरियल स्कूल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल के संरक्षक राजेश अंबावत के संयोजन में विद्यार्थियों के लिए फर्स्ट ऐड बॉक्स प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रचनात्मक ढंग से फर्स्ट ऐड बॉक्स तैयार किए।विद्यार्थियों ने बॉक्स में बैंडेज, एंटीसेप्टिक लिक्विड, कॉटन सहित प्राथमिक उपचार में उपयोगी सामग्री को व्यवस्थित किया और उनके महत्व के बारे में बताया। प्रतियोगिता के विजेता एवं मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों ने पुरस्कार, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई।
मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग, समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अतुल यादव और उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अधिवक्ता गौरव सिंघल मौजूद रहे।राजेश अंबावत ने कहा कि बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ गांधी और शास्त्री के आदर्शों एवं संस्कारों से परिचित कराना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि फर्स्ट ऐड बॉक्स प्रतियोगिता में बच्चों की रुचि से उनकी जागरूकता और आपात स्थिति में दूसरों की मदद करने की भावना सामने आई है।दीपक विग ने गांधी के सत्य, अहिंसा और सेवा के विचारों को प्रासंगिक बताते हुए कहा कि बच्चों में बचपन से ही जीवन रक्षक संस्कार विकसित करना सराहनीय पहल है। अतुल यादव ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की। अधिवक्ता गौरव सिंघल ने कहा कि संकट के समय किसी को प्राथमिक उपचार देना मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश का भी उल्लेख किया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।

