Noida News : दहेज के लिए हुई दीपिका नागर की हत्या के मामले में आरोपी चचिया ससुर गिरफ्तार
Noida News : थाना ईकोटेक -3 पुलिस ने दहेज के लिए हुई दीपिका नागर की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी चचिया ससुर को आज गिरफ्तार किया है। इस मामले में महिला के पति और ससुर को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना ईकोटेक- 3 पुलिस ने बुधवार को एक सूचना के आधार पर दहेज के लिए हुई दीपिका नागर की हत्या के मामले में वांछित चल रहे विनोद पुत्र जयचंद निवासी ग्राम जलपुरा को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी मृतका का चचिया ससुर है। उन्होंने बताया कि उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृतका के ससुर मनोज व पति रितिक को पुलिस ने 18 मई को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि दहेज हत्या के मामले में वांछित अन्य लोगों की पुलिस तलाश कर रही है।
मालूम हो कि रविवार की देर रात को जलपुरा गांव में ब्याही दीपिका की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसके परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाना ईकोटेक तीन में मुकदमा दर्ज करवाया है। मृतका के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बुलडोजर कार्रवाई करने और आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग की है। उसकी 14 माह पूर्व ही शादी हुई थी।

