Noida News : सातवीं मंजिल कूदकर 52 वर्षीय महिला ने की आत्महत्या

Aug 17, 2026 - 19:49
Noida News : सातवीं मंजिल कूदकर 52 वर्षीय महिला ने की आत्महत्या
Symbolic Image

Noida News : थाना सेक्टर 113 क्षेत्र के सेक्टर-78 स्थित हाइड पार्क सोसाइटी में सोमवार को एक 52 वर्षीय महिला ने सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर लिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वह तीन दिन पहले ही दिल्ली से अपनी बहन के घर रहने के लिए नोएडा आई थीं। पुलिस की प्राथमिक जांच में महिला के डिप्रेशन में होने की बात सामने आई है। 

Police Station Sector 113 Noida :  थाना सेक्टर -113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान विकासपुरी दिल्ली निवासी 52 वर्षीय प्रभजोत कौर के रूप में हुई। पुलिस को सोमवार को सूचना मिली कि हाइड पार्क सोसाइटी में एक महिला सातवीं मंजिल से नीचे गिर गई है। उन्होंने बताया कि सूचना के बाद सेक्टर-113 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि प्रभजोत कौर करीब तीन दिन पहले अपनी बड़ी बहन के घर नोएडा रहने के लिए आई थीं। सोमवार को घर में उनकी बहन और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। महिला ने सैर पर जाने की बात कही और घर से निकल गईं। इसके बाद वह पार्क जाने के बजाय सोसाइटी की सातवीं मंजिल पर पहुंच गईं। पुलिस के मुताबिक, वहां कॉमन एरिया में रखे प्लास्टिक के स्टूल की मदद से ऊंचाई पर पहुंचीं और नीचे छलांग लगा दिया। महिला के नीचे गिरने की तेज आवाज सुनकर सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला के परिजनों की जानकारी जुटाई। इसके बाद परिवार और पुलिस को सूचना दी गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होने बताया कि प्रभजोत कौर के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके दो बेटे हैं, जो गुरुग्राम में अपने परिवार के साथ रहते हैं। पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता चला कि प्रभजोत कौर पिछले कई महीनों से डिप्रेशन से परेशान थीं। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के अनुसार महिला डिप्रेशन में थी। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पूरे घटनाक्रम को जानने के लिए पुलिस सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।