Greater Noida News : पड़ोसी की गोली मारकर हत्या करने वाला बदमाश मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार, दोनों पैर में लगी गोली
Greater Noida News : नाली के विवाद में अपने पड़ोसी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को थाना सूरजपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आज सुबह को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके दोनों पैर में लगी है। इसका एक अन्य साथी मौके से भाग गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार और एक कार बरामद किया है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि ग्राम साकीपुर में नाली और कूड़ा डालने के विवाद को लेकर हुई 25 वर्षीय युवक साजन की हत्या के मामले में वांछित चल रहे बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि साजन की हत्या में वांछित मंगेश और उसके साथी एक कार में सवार होकर जा रहे हैं।
Police Station Surajpur Greater Noida News : उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन के किनारे कच्ची सड़क पर पुलिस ने बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। एक कार पुलिस को आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने जब कार का पीछा किया तो कार से उतर कर दो बदमाश भागने लगे तथा उन्होंने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। गोली लगने से एक व्यक्ति गिर गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम मंगेश उर्फ टिल्लू पुत्र स्वर्गीय कालूराम निवासी ग्राम साकीपुर बताया। इसकी उम्र 31 वर्ष है।
उन्होंने बताया कि इसका दूसरा साथी जंगल की तरफ मौके का फायदा उठाकर भाग गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके पास से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, दो कारतूस आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इसने पुलिस को बताया कि उसने अपने पड़ोसी साजन पुत्र रितेश उम्र 25 वर्ष की अवैध पिस्तौल से गोली मारकर हत्या की थी। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में वांछित अन्य बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही है।

