Greater Noida News : यमुना सिटी में धार्मिक, सामाजिक सांस्कृतिक केंद्र, वृद्ध आश्रम और अनाथालय विकसित होंगे। इनके लिए पांच सेक्टरों में नौ भूखंड की योजना शुरू हो गई है। योजना के तहत 16 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। भूखंडों का साक्षात्कार के माध्यम से सीधे आवंटन किया जाएगा।
Greater Noida Noida News :
यमुना सिटी में विभिन्न विकास परियोजनाओं को विकसित किया जा रहा है। कई सेक्टरों में घरों का निर्माण भी जारी है। नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने के बाद शहर में आबादी तेजी से बढ़ेगी। ऐसे में प्राधिकरण ने सेक्टरों में धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र शुरू करने की योजना तैयार की है। प्राधिकरण धार्मिक स्थलों के लिए पांच भूखंड की योजना लेकर आया है। यह भूखंड 18, 20 और 22डी में हैं, जिनके क्षेत्रफल एक हजार, 1150 व 1500 वर्गमीटर है। धार्मिक स्थलों में मंदिर, मस्जिद, गिरजाघर और गुरुद्वारे बनेंगे।
इसके अलावा सेक्टर-22डी व ई में एक हजार वर्गमीटर के भूखंड पर वृद्ध आश्रम और सेक्टर-22ए व डी में 2400 वर्गमीटर के भूखंड अनाथालय के लिए निर्धारित किया गया है। सामाजिक सांस्कृतिक केंद्रों के लिए सेक्टर-17ए व 22ई में आठ-आठ हजार वर्ग मीटर के दो भूखंडों पर योजना शुरू की गई है।