Greater Noida News : एनआरआई बनकर भारतीय महिलाओं से शादी का झांसा देकर ठगी करने वाला नाइजीरियन गिरफ्तार
Greater Noida News : थाना सूरजपुर पुलिस ने मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से महिलाओं की जानकारी हासिल कर उनसे दोस्ती कर, शादी का झांसा देकर मंहगें गिफ्ट देने के नाम पर जाल में फंसाकर ठगी करने वाले नाइजीरियाई मुल्क के एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। यह स्टूडेंट विजा पर भारत आया था। इसके पास से 67 एटीएम/डेबिट कार्ड, 8 स्मार्टफोन, 8 कीपैड तथा 5 लाख रुपए नगद और एक होंडा सिटी कार बरामद हुई है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि शनिवार की रात को थाना सूरजपुर पुलिस ने एक सूचना के आधार पर विदेशी नागरिक ओयोटोला औरेमैड पुत्र बेंजामिन को ओमिक्रान-3 के सर्विस रोड से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी स्टूडेंट वीजा लेकर भारत आया था। यह लोगों को पैसे का लालच देकर उनके नाम पर सिम खरीदार कर तथा उनके बैंक खातों की जानकारी प्राप्त कर इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर साइबर ठगी करता था। आरोपी मेट्रो मोनियल साइट पर महिलाओं से एनआरआई बनकर शादी के नाम पर दोस्ती करता था, तथा महंगा गिफ्ट भेजने के नाम पर कस्टम ड्यूटी आदि के नाम पर साइबर ठगी कर, खातों में पैसा मंगाकर, उन पैसों को मोबाइल बैंकिंग व एटीएम के माध्यम से विड्रोल कर लाभ प्राप्त करता था। उन्होंने बताया कि उक्त आरोपी ने कई महिलाओं को अपने जाल में फंसा कर एनआरआई होने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपए की ठगी की है।
उन्होंने बताया कि यह सोशल मीडिया पर खुद को एनआरआई बताकर प्रोफाइल सुंदर-सुंदर लोगों की फोटो लगाता था। जिससे महिलाएं इसके जाल में फंस जाती थी। यह खुद को विदेश में बड़ा व्यापारी बताकर महिलाओं को शादी करने का झांसा देता था। उन्हें महंगे गिफ्ट भेजने का वादा करता था। वह महिलाओं से कहता था कि उनसे मिलने के लिए भारत आ रहा है। इसी बीच आरोपी के साथी महिला को फोन करके कहते थे कि उसके लिए सामान लेकर आ रहा व्यक्ति एयरपोर्ट पर पकड़ा गया है। विभिन्न जांच एंजेसियो का डर दिखाकर कस्टम आदि के नाम पर ये लोग लाखों रुपया महिलाओं से अपने खाते में डलवा लेते थे।

