Greater Noida News : किसान की संदिग्ध मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज
Greater Noida News : थाना बादलपुर क्षेत्र के कूड़ी खेड़ा गांव में बीते शनिवार की रात को हुई किसान की मौत के मामले में पुलिस ने आज मृतक के भतीजे की शिकायत पर हत्या और हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के भतीजे ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। पोस्टमार्टम मे यह बात सामने आई है कि उनकी मौत चोट लगने से हुई है। पुलिस इसे लूटपाट का विरोध, या रोडरेज का मामला मानकर जांच कर रही है। वही इस घटना में घायल युवक को आज होश आ गया है। पुलिस अधिकारी उससे बातचीत करने के लिए अस्पताल पहुंच गए हैं।
Police Station Badalpur Greater Noida News : थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने बताया कि आशीष नामक युवक ने आज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके चाचा कृष्ण पाल तथा उनके साथी सुंदर के ऊपर अज्ञात बदमाशों ने बीते शनिवार की रात को ईट आदि से जानलेवा हमला किया। इस घटना में दोनों को गंभीर चोट आई। रविवार को कृष्ण पाल मृत अवस्था में गांव कुड़ी खेड़ा के जंगल में मिले। जबकि उनके दोस्त को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पीड़ित ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करवाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल को होश आ गया है। आज उनसे पूछताछ करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घायल के बयान के आधार पर ही पुलिस को यह पता चलेगा की घटना क्यों और कैसे हुई। पुलिस इस मामले में रोडरेज और लूट का विरोध करने पर हत्या के एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि पास मे स्थित ट्यूबवेल से ईट उखाड़ कर दोनों के ऊपर हमला किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मालूम हो कि बादलपुर थाना क्षेत्र के कूड़ी खेड़ा गांव के जंगल में शनिवार रात किसान कृष्ण पाल का शव मिला था। शव के बराबर में कृष्ण पाल का दोस्त सुंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में बेहोश पड़ा था। उसको ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल के पास दोनों की बाइक पड़ी थी। परिजनों का कहना है कि दोनों अच्छे दोस्त हैं और रोजाना रात के समय जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए खेतों पर घूमने के लिए जाते थे।

