Greater Noida News : प्रेमी के उत्पीड़न के चलते युवती ने की आत्महत्या, मुकदमा दर्ज

Greater Noida News : थाना बिसरख में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बेटी के प्रेमी ने उसे प्रताड़ित किया, जिसकी वजह से उसने आत्महत्या कर लिया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Thana Bisrakh Greater Noida News : थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को नीतू मंडल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह दिल्ली के संगम विहार कालोनी में रहती हैं। पीड़िता के अनुसार उसकी 21 वर्षीय बेटी खुशी मंडल नोएडा की एक कंपनी में काम करती थी, तथा इको विलेज सोसायटी में रह रही थी। पीड़िता के अनुसार उसकी बेटी खुशी की जान पहचान सागर निवासी फरीदाबाद से 2 वर्ष से थी। दोनों प्रेम संबंध में थे। पीड़िता के अनुसार उसकी बेटी ने 29 अप्रैल को उसे फोन करके बताया कि सागर पिछले 6 माह से उसका मानसिक व शारीरिक तौर से शोषण कर रहा है। महिला के अनुसार उसने शादी का वादा करके उससे 3 लाख 27 हजार रुपए ले लिया है। पीड़िता के अनुसार उसकी बेटी के पास रखे जेवरात भी सागर ने अपने पास रख लिया था। महिला ने पुलिस को बताया है कि उसकी बेटी ने उससे कहा कि सागर ने उसकी क्रेडिट कार्ड से पैसे खर्च कर लिया है। बैंक वाले उससे तगादा कर रहे हैं। महिला के अनुसार उसकी बेटी ने उनसे 50 हजार रुपए उधार लिया, तथा बैंक में पैसे जमा करवाया। उनके अनुसार 24 मई को थाना बिसरख पुलिस ने उन्हे फोन करके बताया कि उसकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है।
"महिला के अनुसार घटना के समय सागर भी उसके फ्लैट पर मौजूद था।" महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी ने सागर के उत्पीड़न के चलते आत्महत्या किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।