Greater Noida News : कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित ऑनलाइन परीक्षा में धांधली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार
Greater Noida News : उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) द्वारा आयोजित ऑनलाइन परीक्षा (सीएपीएफ और एसएसएफ) में कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) और असम राइफल में राइफल मैन परीक्षा 2026 में धांधली कराने वाले मुख्य आरोपी सहित सात बदमाशों को शुक्रवार शाम को गिरफ्तार किया है। इनके पास से बल ने 50 लाख रुपए नगद, 10 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, एक राउटर, अभ्यर्थियों की एक सूची, दो प्रवेश पत्र आदि बरामद किया है। ये लोग एक अभ्यर्थी से नकल कराने के नाम पर 4 लाख रुपए वसूलते थे।
अपर पुलिस अधीक्षक यूपी एसटीएफ (नोएडा यूनिट) राजकुमार मिश्रा ने बताया कि एसटीएफ को सूचना मिली कि 22 मई को कर्मचारी चयन आयोग द्वारा कराई जा रही ऑनलाइन परीक्षा में कुछ लोग धांधली कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर एक पुलिस टीम बनाई गई तथा थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित बोधी तरु स्कूल के कैंपस में किराए पर चल रहे बालाजी डिजिटल जोन में आयोजित परीक्षा में धांधली करवा रहे प्रदीप चौहान पुत्र अक्षय कुमार मूल निवासी जनपद मथुरा, संदीप भाटी पुत्र नरेंद्र भाटी मूल निवासी जनपद बुलंदशहर, अमित राणा पुत्र कृष्ण पाल निवासी जनपद बागपत ,शाकिरा मलिक पुत्र इकबाल मलिक निवासी जनपद बागपत तथा विवेक कुमार पुत्र संजय राणा निवासी जनपद बुलंदशहर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान एसटीएफ को पता चला है कि आरोपी एक अभ्यर्थी से चार लाख रूपए लेकर उन्हें ऑनलाइन परीक्षा में नकल करवा रहे थे। उन्होंने बताया कि ये लोग 50 हजार रुपए उस व्यक्ति को देते थे जो अभ्यर्थी इनके पास लता था। 3 लाख 50 हजार रुपए ये लोग अपने पास रखते थे। उन्होंने बताया कि यै लोग साल्वर के माध्यम से अभ्यर्थियों की परीक्षा करवाते थे। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर प्रोक्सी सर्वर लगाने का काम अरुण करता था। अरुण लगभग ढाई साल पहले बालाजी डिजिटल जोन में पर्यवेक्षक बनकर आया था, और तभी से वह मुख्य अभियुक्त प्रदीप चौहान के संपर्क में था। वह इसी केंद्र पर आईटी हेड की नौकरी करने लगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में विवेक एवं शाकिर अभ्यर्थी हैं। जिन्हें संदीप भाटी अपने साथ लेकर आया था। संदीप भाटी प्रदीप चौहान का पुराना जानने वाला है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज हुआ है।

