Jewar News : लापता मासूम छात्र का शव मिला, हत्या का आरोप
Jewar News : थाना जेवर क्षेत्र के गांव बनवारी वास से लापता हुए 15 वर्षीय 9 वीं कक्षा के छात्र का शव शुक्रवार की देर रात को ग्राम रोही के एक खाली मकान में मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बच्चे के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाना पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह की मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि रवि भूषण ने 22 मई को थाना जेवर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 15 वर्षीय बेटा गोपाल शर्मा 21 मई से घर से लापता है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान शुक्रवार देर रात को पुलिस को सूचना मिली कि उक्त बच्चे का शव ग्राम रोही के एक खाली पड़े मकान में पड़ा है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि मौके पर फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम बुलाई गई है। घटनास्थल पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चे के परिजनों की शिकायत पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। बच्चे के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था स्थापित है। वहीं घटना की सूचना पाकर काफी लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने पुलिस के प्रति आक्रोश व्यक्त किया है।ग्रामीणों और मृतक बच्चे के परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस सही तरह से कार्रवाई करती तो बच्चे की जान बच सकती थी।
मृतक के पिता ने हमारे संवाददाता को बताया कि उनके बेटे को हुक्का पीने की आदत थी। वह ग्राम आरोही के रहने वाले मोहित, नरेश, अवधेश, उमेश, मुनीम, विपिन, रुचि, भारत, आदि के पास हुक्का पीने जाता था उन्होंने बताया कि इन्हीं लोगों ने इसकी बेटे की निर्माता से हत्या की है। उनके अनुसार उनके बेटे की हत्या से पूर्व उसे हुक्के की चिलम से जलाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एक खास वर्ग के लोगों के दबाव में पुलिस इस मामले में काम नहीं कर रही है। उन्होंने एक भाजपा नेता के शह पर आरोपियों के खिलाफ नरमी बरतने का भी आरोप लगाया है।
उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई हो ,तथा उन्हें सख्त से सख्त सजा मिले। मृतक के परिजनों के आक्रोश को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। शव का पोस्टमार्टम आज हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को पुलिस द्वारा सौंपा जाएगा। इसके बाद परिजन कोई हंगामा न करें इसको ध्यान में रखते हुए जेवर क्षेत्र में भारी पुलिस पुलिस बल तैनात किया गया है। कई थानों की पुलिस बुलाई गई है।

