Greater Noida News : हनी ट्रैप में फंसाकर लोगों से रंगदारी वसूलने वाले दो महिलाओं समेत 6 गिरफ्तार

Jun 12, 2024 - 23:57
Greater Noida News : हनी ट्रैप में फंसाकर लोगों से रंगदारी वसूलने वाले दो महिलाओं समेत 6 गिरफ्तार
हनी ट्रैप में फंसाकर लोगों से रंगदारी वसूलने वाले दो महिलाओं समेत 6 गिरफ्तार

Greater Noida News : हनी ट्रैप में लोगों को फंसा कर उनसे अवैध रूप से रंगदारी वसूलने वाले गैंग के 6 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार भी बरामद किया है। इन लोगों ने मुरादाबाद के रहने वाले डॉक्टर व उसके साथी को हनी ट्रैप में फंसाकर उनसे 50 हजार रुपए वसूला था, तथा उसे 5 लाख रुपए मांग रहे थे।

 अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि थाना बीटा- दो पुलिस ने एक सूचना के आधार पर बुधवार को राज चौधरी उर्फ हसीन मोहम्मद पुत्र नूचंद निवासी जनपद आगरा, भूपेंद्र सिंह पुत्र केशव सिंह निवासी जनपद आगरा, फैजान अहमद पुत्र अफाक निवासी जनपद मैनपुरी, राहुल कुमार पुत्र महेंद्र कुमार निवासी जनपद इटावा, संजना यादव पुत्री प्रमोद कुमार यादव निवासी जनपद इटावा तथा रिफा उर्फ रुस्तम पुत्री राज हुसैन निवासी जनपद बरेली को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो कार और अन्य दस्तावेज बरामद किया है। उन्होंने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है। ये लोग हनी ट्रैप में लोगों को फंसा कर उनसे लाखों रुपए की वसूली करते हैं। इस गैंग का मास्टरमाइंड राज चौधरी है।

Greater Noida News

 उन्होंने बताया कि ये लोग अपने महिला मित्रों के माध्यम से लोगों से मोबाइल फोन से संपर्क करते हैं, तथा मीठी-मीठी बातें करके उन्हें अपने जाल में फंसाते हैं। जब ग्राहक इनके जाल में फंस जाता है तो यह उसकी अश्लील वीडियो बना लेते हैं ,तथा बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे अवैध धन की उगाही करते हैं। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने 11 जून को मुरादाबाद के रहने वाले डॉक्टर असादूर रहमान को रिफा के माध्यम से अपने जाल में फंसा कर पी-3 गोल चक्कर के पास बुलाया। असादूर रहमान अपने मित्र निजाम के साथ रिफा से मिलने पी-3 गोल चक्कर पर पहुंचे, तभी रीफा ने इस बात की जानकारी अपने साथियो कों दी की दो लोग जाल मे फंस गए हैं। मास्टरमाइंड राज चौधरी योजना के तहत अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से अपने साथियों संजना यादव, भूपेंद्र सिंह, फैजान अहमद, राहुल कुमार के साथ पी-3 गोल चक्कर के पास बने बस स्टॉप पर आया, एवं स्कॉर्पियो गाड़ी से उतरकर आरोपी असादुर रहमान की गाड़ी में बैठ गए एवं असादुर रहमान की गाड़ी में रिफा व निजाम को भी बैठा लिया, और अभियुक्त ने डॉक्टर असादुर रहमान उनके मित्र निजाम को उनकी गाड़ी में बंधक बनाकर गाली गलौज और मारपीट कर उनसे 5 लाख रुपए मांगे। पैसे ना देने पर बलात्कार के झूठे मुकदमे फंसाने की धमकी दी।

 उन्होंने बताया की दबावा और डर के कारण असादुर रहमान ने अपनी गाड़ी में रखे 50 हजार रुपए इन्हें दे दिए। इस मामले में पीड़ित ने 12 जून को थाना बीटा- दो में मुकदमा दर्ज करवाया था। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान इन बदमाशों ने दर्जनों लोगों के साथ इस तरह की वारदात करनी स्वीकार की है। इनके पास से फर्जी दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिसके आधार पर ये लोग मोबाइल फोन का सिम कार्ड हासिल करके लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।