Ghaziabad News : सड़क पर खड़े ट्रक में घुसी दो अनियंत्रित बाइकें, दो युवकों की मौत, दो घायल

Aug 19, 2026 - 18:03
Ghaziabad News : सड़क पर खड़े ट्रक में घुसी दो अनियंत्रित बाइकें, दो युवकों की मौत, दो घायल
Symbolic Image

Noida News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना कौशांबी क्षेत्र में बुधवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के पास यूपी गेट के निकट खड़े ट्रक में दो बाइक सवारों की मोटरसाइकिलें अनियंत्रित होकर जा घुसी। इस हादसे में बाइकों पर सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

सहायक पुलिस आयुक्त सूर्य बली मौर्य ने बताया कि बुधवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के पास सड़क पर खड़े मदर डेयरी के ट्रक से दो मोटरसाइकिलें टकरा गईं। दोनों बाइक पर दो-दो लोग सवार थे। हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया। एक बाइक पर सवार प्रिंस कुमार (20) निवासी पालम विहार, गुरुग्राम, हरियाणा को मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके साथ सवार घायल युवक का उपचार चल रहा है।

वहीं, दूसरी बाइक पर सवार कृष्ण (17), निवासी तुड़ाहेड़ा, गुरुग्राम, हरियाणा को भी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। उसके साथ बाइक पर सवार आकाश (24) घायल है और उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।