Ghaziabad News : विभिन्न सड़क हादसों में दो की मौत, 22 घायल

Jun 22, 2026 - 19:29
Ghaziabad News : विभिन्न सड़क हादसों में दो की मौत, 22 घायल
नए बस अड्डे पर सोमवार को रोडवेज की बस पलट गई

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में सोमवार को हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो चालकों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए।

 पहला हादसा एनएच-नौ पर बागू के पास हुआ। हरिद्वार से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा मालवाहक टेंपो आगे चल रही रोडवेज बस में अनियंत्रित होकर घुस गया। हादसे में टेंपो चालक नोएडा के सेक्टर-110 निवासी 40 वर्षीय राजेश कुमार की मौत हो गई। वहीं, टेंपो सवार 13 लोग घायल हो गए। पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि घायलों में मंजू देवी, रितेश, अमन ,रोशनी, करन, रीना ,नेहा, प्रियंका ,संगीता, हर्ष, प्रिंस आदि हैं। 

डीसीपी ने बताया कि दूसरा सड़क हादसा जीटी रोड पर नया बस अड्डा फ्लाईओवर पर हुआ। ऋषिकेश से दिल्ली के कश्मीरी गेट जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस ट्रक को बचाने के चक्कर में डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकालकर एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

उन्होंने बताया कि तीसरा सड़क हादसा थाना भोजपुर क्षेत्र में हुआ जब दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर थाना क्षेत्र में एक बस का टायर पंचर हो गया। बस चालक नितिन बालियान और परिचालक अनुराग एक्सप्रेसवे किनारे बस को लगाकर टायर बदल रहे थे, तभी एक कार चालक ने दोनो को टक्कर मार दिया। इस घटना में बस के चालक नितिन की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।