Ghaziabad News : एटीएम मशीन में नगदी डालने वाली वैन से हुई लूट के मामले में दो बदमाश गिरफ्तार
Ghaziabad News : थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में 6 मई को एटीएम मशीन मे नगदी डालने वाली वैन के कर्मचारियों के ऊपर गोली चलाकर वैन से 27 लाख रुपए लूटने के मामले में गाजियाबाद पुलिस टीम की स्वाट टीम और थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने आज दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 8 लाख रुपए नगद, घटना में प्रयुक्त बोलेरो जीप, और हथियार बरामद किया है। इस घटना में शामिल चार बदमाश अभी फरार चल रहे हैं। शेष रकम उन्ही बदमाशों के पास है
पुलिस उपायुक्त (नगर) धवल जायसवाल ने बताया कि एक सूचना के आधार पर स्वाद टीम और थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने सोमवार को रिजवान व मोहम्मद कैफ निवासी विजयनगर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में चार बदमाश और शामिल है। उनके नाम जूबेर, समीर, शोएब आदि है। उन्होंने बताया कि इनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने काफी समय पूर्व कैश वैन लूट की योजना बनाई थी। इन्होंने कई बार रेकी की तथा सोशल मीडिया पर चलने वाली लूट व डकैती की वारदातों के दौरान बदमाशों के द्वारा अपनाई जाने वाली रणनीति की बारीकियां से अध्ययन किया।
उन्होंने बताया कि इस लूट को अंजाम देने में मुख्य भूमिका जूबेर की है। जुबेर बढ़ई का काम करता है। ये लोग अल्प समय में अधिक धन अर्जित कर शानो- शौकत की जिंदगी जीना चाहते थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि इन लोगों ने वेब सीरीज की श्रृंखलाओं को भी अनेकों बार देखा। उन्होने बताया कि इन बदमाशों ने जिस वित्तीय संस्था इंडिया वन की कैश वैन को घटना वाले दिन टारगेट किया था, इसकी भी इन्होंने कई दिनों से रेकी की थी। उन्होंने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

