Ghaziabad News : धारदार हथियार से हमला कर व्यापारी की हत्या
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में एक हार्डवेयर व्यापारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने हत्या करने के बाद शव को जंगल में फेंक दिया था।
सहायक पुलिस आयुक्त लोनी रामकिशन ने बताया कि ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में सोमवार को मंडोला गांव के जंगल में एक व्यक्ति का लहूलुहान शव मिला है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि मृतक का नाम विनोद गुप्ता (42) पुत्र भोला गुप्ता है। उनकी पुस्ता चौकी लोनी के पास हार्डवेयर की दुकान है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों के अनुसार रविवार रात से वह घर से लापता थे। सोमवार को जंगल में भैंस चराने गए व्यक्ति को उनका शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। उक्त व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाई गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि व्यापारी की हत्या क्यों हुई पुलिस इस बात का पता लग रही है। इस घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस से मांग की है कि हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए नहीं तो वे आंदोलन करेंगे।

