Noida News : ऑपरेशन कनविक्शन अभियान के तहत गौतम बुध नगर में तीन वर्षों में हुई 5080 अपराधियों को सजा
Noida News : गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत पिछले तीन सालों से अधिक समय में 5080 अपराधियों को सजा दिलाने में सफलता पाई है। इस अवधि में 117 अपराधियों को आजीवन कारावास हुआ। दावा है कि प्रदेश में सबसे ज्यादा अपराधियों को सजा गौतमबुद्धनगर में हुई।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, दहेज हत्या, अपहरण, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों को प्राथमिकता से चिन्हित किया गया। इन मामलों में पुलिस द्वारा मजबूत पैरवी कर अदालत में ठोस सबूत पेश किए।
आंकड़ों के मुताबिक एक जनवरी 2023 से तीन अप्रैल 2026 तक कुल 5080 अपराधियों को सजा दिलाई गई। यह कार्रवाई कुल 4549 मामलों में हुई। पुलिस ने इन मामलों की जांच समय पर पूरी की और गवाहों को भी समय से अदालत में पेश किया। इससे केस मजबूत बने और अपराधियों को सजा मिल सकी। अगर अलग-अलग मामलों की बात करें तो पॉक्सो ऐक्ट के 104 मामलों, दुष्कर्म के 16 मामलों, दहेज हत्या के चार मामलों, अपहरण के 25 मामलों और हत्या के 62 मामलों में सजा दिलाई गई। इसके अलावा डकैती के 15, लूट के 323, गिरोहबंद अधिनियम के 78, चोरी के 1403 और आर्म्स एक्ट के 1067 मामलों में भी अपराधियों को सजा मिली। अन्य मामलों में भी बड़ी संख्या में दोषियों को सजा दिलाई गई। सजा की अवधि पर नजर डालें तो अदालत ने 117 अपराधियों को आजीवन कारावास, 32 अपराधियों को 20 साल की सजा और 37 अपराधियों को 10 साल की सजा सुनाई है।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि इस अभियान के तहत जांच की गुणवत्ता पर खास ध्यान दिया गया। हर केस में सबूत मजबूत जुटाए गए और गवाहों की सुरक्षा और पेशी सुनिश्चित की गई। यही वजह रही कि बड़ी संख्या में मामलों में दोष सिद्ध हुआ और अपराधियों को सजा मिली। इस पहल का सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिला।उनका कहना है कि आगे भी इस तरह की प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का लक्ष्य है कि किसी भी गंभीर अपराध में आरोपी बच न पाए और उसे कानून के अनुसार सजा जरूर मिले। इसके लिए जांच, सबूत और कोर्ट में पैरवी तीनों स्तर पर मजबूती से काम किया जाएगा। ऑपरेशन कन्विक्शन के जरिए पुलिस ने यह दिखाया है कि अगर सही रणनीति और मजबूत तैयारी के साथ काम किया जाए, तो अपराधियों को सजा दिलाना संभव है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने इस बाबत कहा कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बीते तीन सालों में पांच हजार से अधिक अपराधियों को सजा हुई है। यह अभियान न सिर्फ अपराध पर नियंत्रण में मददगार साबित हो रहा है, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल भी बना रहा है।

