Noida News : टीबी मुक्त हो चुके 17 ग्राम पंचायतों के प्रधान होंगे सम्मानित
Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर की 17 ग्राम पंचायत टीबी मुक्त हो चुकी हैं। इन ग्राम पंचायतों के प्रधानों को इसी महीने सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक साल यह कार्यक्रम 24 मार्च को होता था, लेकिन जिले से टीबी मुक्त भारत अभियान के शुरू होने के कारण इसकी तिथि आगे कर दी गई। जिले में 2023 से टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान की शुरुआत की गई।
जिले में 20 पंचायतों को टीबी मुक्त अभियान के तहत रखा गया, लेकिन तीन पंचायत मानकों पर खरे नहीं उतरे। प्रत्येक साल ग्राम प्रधानों का सम्मान टीबी दिवस पर 24 मार्च को किया जाता है, लेकिन इस टीबी दिवस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने ग्रेटर नोएडा से टीबी मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की, लिहाजा यह कार्यक्रम नहीं हो सका।
जिला टीबी नियंत्रण अधिकारी डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि जल्द ही टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के सम्मान के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद इस वर्ष टीबी मुक्त ग्राम प्रचायतों के लिए काम शुरू होगा। साल के अंत में इन ग्राम पंचायतों का भी निर्धारण कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि टीबी मुक्त गांवों में रोगियों के सफल उपचार की दर 90 प्रतिशत से अधिक होनी चाहिए। उच्च जोखिम वाले गांवों में टीबी के मरीजों की सक्रिय पहचान और जांच सुनिश्चित करना। साथ ही निक्षय पोषण सहायता और सभी उपचाराधीन रोगियों को निक्षय मित्र से पोषण सहायता और निक्षय पोषण योजना का लाभ मिल रहा हो। इसके अलावा गांवों को एक साल तक टीबी मुक्त बनाए रखना पड़ता है। इसके अलावा भी कई मानदंडों पर खरा उतरना पड़ता है।

