Noida News : पुलिस मुठभेड़ में दो कुख्यात लुटेरे गिरफ्तार,पैर में लगी गोली

Oct 16, 2026 - 08:09
Noida News : पुलिस मुठभेड़ में दो कुख्यात लुटेरे गिरफ्तार,पैर में लगी गोली
बदमाशों के साथ हुई पुलिस मुठभेड़ की फोटो

Noida News : थाना सेक्टर 39 पुलिस ने बृहस्पतिवार की मध्य रात्रि को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी हैं। इन बदमाशों में एक के ऊपर 48 और दूसरे के ऊपर 44 मुकदमे एनसीआर के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। यह बदमाश लूटपाट के पर्याय माने जाते हैं।

 अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना सेक्टर 39 पुलिस बृहस्पतिवार की मध्य रात्रि को बदमाशों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। उन्होंने बताया कि सेक्टर 41 के पास एक बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस को जब शक हुआ तो पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया। बदमाश रुकने की वजाए तेज गति से बाइक चलाकर भागने का प्रयास करने लगे। इसी बीच सड़क पर पानी होने की वजह से उनकी बाइक फिसल गई तथा दोनों गिर गए। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई।

 उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। अपर उपायुक्त ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली सलमान पुत्र अयूब निवासी मोहनपुर नूर इलाही कॉलोनी थाना भजनपुरा दिल्ली 29 वर्ष तथा तनवीर पुत्र मोइनुद्दीन निवासी सुभाष बिहार नार्थ गोंडा भजनपुरा दिल्ली उम्र 37 वर्ष के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि दोनों घायल बदमाशों का उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनके पास से पुलिस ने देशी तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त होने वाली चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल, 2 लाख 19 हजार रुपए नगद बरामद किया है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने सेक्टर 39 थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति से कीमती सोने की चेन लूटनी स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाशों में सलमान के खिलाफ पूर्व में 48 तथा तनवीर के खिलाफ पूर्व 44 मुकदमे दर्ज है। उन्होंने बताया कि ये बदमाश एनसीआर में बाइक पर सवार होकर लूटपाट करते हैं।