Noida News : पीएनबी से सीनियर मैनेजर के पद से रिटायर्ड बुजुर्ग से साइबर अपराधियों ने की एक करोड़ पांच लाख रुपए की ठगी
Noida News : साइबर अपराधियों ने पंजाब नेशनल बैंक से सीनियर मैनेजर के पद से रिटायर्ड 70 वर्षीय व्यक्ति को अपने जाल में फंसाकर क्रिप्टो करेंसी के ट्रेडिंग में इन्वेस्ट करने के नाम पर उनसे एक करोड़ 5 लाख रुपए की ठगी कर ली। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम प्रीति यादव ने बताया कि प्रमोद चोपड़ा पुत्र राम प्रकाश चोपड़ा निवासी सेक्टर 55 ने आज सुबह को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह पंजाब नेशनल बैंक से सीनियर मैनेजर के पास से रिटायर्ड हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वर्ष 2026 के जुलाई माह में साइबर अपराधियों ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने क्रिप्टो करेंसी में ट्रेडिंग के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसाया। पीड़ित के अनुसार उन्होंने 24 जुलाई से 28 सितंबर के बीच अपने विभिन्न खातों से साइबर अपराधियों के बताए हुए कुल 22 खातों में एक करोड़ 5 लाख 77 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिया। पीड़ित के अनुसार उनकी रकम पोर्टल पर बढ़ी हुई दिखाई दे रही थी। जब उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने टैक्स आदि के नाम पर और रकम मांगी। इस पर पीड़ित को शक हुआ तथा उन्होंने आज साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। डीसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किन-किन खातों में रकम भेजी गई है। उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में एक महिला ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन मुनाफे का झांसा देकर उनसे 61 लाख रुपए की ठगी कर ली है। उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

