Noida News : महिला के ब्लैकमेलिंग से परेशान प्रेमी ने की थी हत्या, सिर और हथेली काटकर नाले मे निर्वस्त्र अवस्था में फेंका था शव

Nov 14, 2025 - 19:32
Noida News : महिला के ब्लैकमेलिंग से परेशान प्रेमी ने की थी हत्या, सिर और हथेली काटकर नाले मे निर्वस्त्र अवस्था में फेंका था शव
महिला के ब्लैकमेलिंग से परेशान प्रेमी ने की थी हत्या, सिर और हथेली काटकर नाले मे निर्वस्त्र अवस्था में फेंका था शव

Noida News : निठारी नरकंकाल कांड की तर्ज पर नोएडा के थाना 39 सेक्टर क्षेत्र में हुई एक महिला की हत्या का पुलिस ने आज खुलासा कर दिया है। सेक्टर 108 के पास नाले में 6 नवंबर को एक महिला का सिर और हाथ कटी निर्वस्त्र अवस्था में मिली लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए, उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी महिला के द्वारा ब्लैकमेल किए जाने से परेशान था। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त बस, धारदार हथियार , शव से विच्छेदित अवशेष ,कपड़े ,बस में बिछी मैट आदि बरामद किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी ने महिला का सिर और हाथ इसलिए काटकर अलग किया था, ताकि उसकी पहचान ना हो सके। आक्रोश में आकर उसने महिला के शव के कपड़े भी उतार दिए थे। इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 20 टीम में लगी थी। पुलिस ने करीब 5 हजार सीसीटीवी कैमरे को खंगाला, 1100 वाहनों को चेक किया, जिसमें 44 गाड़ियों को चिन्हित करने के बाद घटना में प्रयुक्त बस के बारे में पुलिस को पता चला। उसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। इसमें सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि महिला के लापता होने के बावजूद भी उसके पति और परिवार के किसी व्यक्ति ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की थी। नोएडा में हुए इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करने वाले पुलिस टीम को पुलिस आयुक्त ने नगद इनाम देने की घोषणा की है। इस घटना ने निठारी कांड की याद ताजा कर दी थी।

 

Police Station Sector 39 Noida News : पुलिस उपायुक्त यमुना प्रसाद ने बताया कि 6 नवंबर को थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 108 के पास एक नाले में एक अज्ञात महिला का सिर और हाथ कटा हुआ शव मिला था। महिला के शरीर पर वस्त्र नहीं थे। उन्होंने बताया कि इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 20 टीमें लगाई गई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीमें विभिन्न एंगल से जांच कर रही थी। सिर ना होने की वजह से महिला के शव की पहचान नहीं हो पा रही थी। उन्होंने बताया कि सर्विलांस विधि, सीसीटीवी कैमरों की जांच और अन्य विभिन्न माध्यमों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को घटना वाले दिन एक सफेद व नीले रंग की बस लाइट बंद करके संदिग्ध अवस्था में घटनास्थल की तरफ जाती हुई दिखी। बस नंबर के आधार पर जब पता किया गया तो पुलिस को पता चला कि उक्त बस को मोनू नामक व्यक्ति चलता है, जो बरौला गांव में किराए पर रहता है। बरौला गांव में जब पुलिस ने पता किया तो पता चला कि बस ड्राइवर मोनू सिंह का प्रीति यादव उर्फ प्रीति देवी से विवाद चल रहा है। तथा प्रीति यादव 5-6 दिनों से लापता है। इस तरह पुलिस मृतका के परिजनों तक पहुंची। उसके परिजनों से बातचीत के बाद शव की पहचान हुई।

 मृतका की पहचान श्रीमती प्रीति उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि महिला के शव की पहचान होने के बाद पुलिस उसके हत्यारे की खोज में जुटी। उन्होंने बताया कि आज दोपहर को एक सूचना के आधार पर पुलिस ने उक्त घटना को अंजाम देने वाले मोनू सोलंकी पुत्र सतबीर सोलंकी निवासी नेहरू नगर कोतवाली जैथरा जनपद एटा को न गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि महिला का अपने पति से विवाद चल रहा था। वह अपने पति से अलग होकर बरौला गांव में रहती थी। मृतका और मोनू की मां एक ही कंपनी में काम करती थी। इस वजह से दोनों के बीच बातचीत हुई। मोनू और महिला दोनों काफी नजदीक आ गए। गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया है कि महिला उसे ब्लैकमेल करने लगी। वह बस चलाकर जो भी कमाता था, उसे मृतका उससे ले लेती थी। आरोपी के तीन बच्चे हैं। मृतका उसको धमकी देती थी कि वह उसकी बेटी से गलत काम करवाएगी। इस कारण से उसके मन में प्रीति के प्रति गुस्सा भरने लगा तथा उसने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया है कि 5 नवंबर को उसने प्रीति के घर जाकर उसके घर में रखा हुआ गड़ांसा अपने साथ उठाकर लाया। उसने गड़ासे को अपनी बस में रख लिया, तथा 6 नवंबर को प्रीति को उसने बस में बैठाया। रास्ते से उसने पराठा लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह प्रीती के संग बस में बैठकर पराठा खाने लगा। इसी दौरान प्रीति ने उसे गाली दी और दोनों के बीच झगड़ा हो गया। आरोपी ने बस में छुपा कर रखे हुए गड़ांसे से बस के अंदर ही उसकी गर्दन काट दी तथा उसके हाथ भी काट दिया। शव को रास्ते में ही नाले में फेंक दिया। शेष अन्य अवशेष को तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार को उसने गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार के पास सूखे नाले में फेंक दिया। जिसे पुलिस ने बरामद किया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने बताया कि उसने सिर और हाथ इसलिए काटा था, कि महिला की पहचान ना हो सके। पुलिस अधिकारियों की आशंका है कि आरोपी ने टीवी पर कोई क्राइम सीन देखने के बाद इस घटना को अंजाम दिया। उसने हथेली इसलिए काटी थी कि उसके अंगूठे के बायोमेट्रिक के आधार पर पुलिस उसकी पहचान ना कर सके। उन्होंने बताया कि इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने एनसीआर के विभिन्न जगहों पर लगे करीब 5 हजार सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज, सर्विलांस विधि और मुखबिर की सूचना पर इस घटना का खुलासा हुआ। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इस सनसनीखेज घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस आयुक्त ने नगद इनाम देने की घोषणा की है। नोएडा में हुई यह हृदय बिदारक घटना ने यहां के लोगों को झकझोर कर रख दिया था। जहां पर यह घटना हुई है वह काफी व्यस्त जगह है। रात दिन यहां से वाहन गुजरते हैं। पुलिस की टीमें लगातार यहां से गश्त करती है। इसके बावजूद भी हुई इस घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया था।