Noida News : मुंबई में सीरीज में बम ब्लास्ट करने की धमकी देने वाला नोएडा से गिरफ्तार

Noida News : मुंबई में अनंत चतुर्दशी के दिन 400 किलो आरडीएक्स से जगह- जगह बम धमाका करने की धमकी देने वाले अश्विनी नाम के एक व्यक्ति को नोएडा पुलिस और मुंबई पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई के तहत शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस उसे तुरंत लेकर महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गई । धमकी देने के दौरान आरोपी ने उसने खुद को एक जिहादी संगठन का सदस्य बताया था और मुंबई शहर में सीरीज मे बम धमाकों की धमकी दी थी। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को आज पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने 25 हजार रुपए नगद इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम अश्विनी कुमार सुप्रा है। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। पिछले पांच सालों से वह नोएडा में रह रहा था। अश्विनी खुद को ज्योतिषी बताता था, लेकिन उसकी करतूत ने उसके इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अश्विनी ने धमकी में कहा था कि कई गाड़ियों में बम रखे हैं। इनमें 400 किलो आरडीएक्स का इस्तेमाल होगा। धमाके पूरे शहर को हिलाकर रख देंगे और करीब एक करोड़ लोग इसकी चपेट में आएंगे। इतना ही नहीं, उसने खुद को पाकिस्तान की एक जिहादी संगठन 'लश्कर-ए-जिहादी' का सदस्य बताते हुए दावा किया कि 14 आतंकी शहर में घुस चुके हैं। उसने यह भी कहा कि 34 गाड़ियों में 34 'ह्यूमन बम' लगाए गए हैं।
उनके मुताबिक बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे मुम्बई पुलिस को धमकी भरे संदेश मिले थे। दावा किया गया था कि मुंबई को उड़ा दिया जाएगा। इन संदेशों में मुंबई पुलिस के खिलाफ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी नोएडा के सेक्टर 79 सिविटेक स्टेडिया सोसायटी में रहता है। उन्होंने बताया कि मामला अतिसंवेदनशील होने की वजह से मुंबई पुलिस उसे तुरंत लेकर नोएडा से रवाना हो गई। उसे मुंबई में गहनता से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद मुंबई पुलिस इस मामले में अग्रिम कार्रवाई करेगी।