Noida News : प्रोमेथियस स्विमिंग चैंपियनशिप का समापन, 250 से अधिक युवा तैराकों ने दिखाया दम

Oct 11, 2026 - 19:57
Oct 11, 2026 - 19:58
Noida News : प्रोमेथियस स्विमिंग चैंपियनशिप का समापन, 250 से अधिक युवा तैराकों ने दिखाया दम

Noida News : दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों और खेल अकादमियों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, बालक और बालिका वर्ग में विभिन्न समूहों के सर्वश्रेष्ठ तैराकों को मिला सम्मान

प्रोमेथियस स्कूल, नोएडा के तत्वावधान में 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय प्रोमेथियस तैराकी चैंपियनशिप का रविवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न स्कूलों और खेल अकादमियों के 250 से अधिक बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपनी गति, तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन बालिका वर्ग और दूसरे दिन बालक वर्ग की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें फ्रीस्टाइल, बटरफ्लाई, बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक और व्यक्तिगत मेडले की अलग-अलग श्रेणियों में खिलाड़ियों के बीच मुकाबले हुए।

कई प्रतिष्ठित संस्थानों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

चैंपियनशिप में प्रोमेथियस स्कूल, पाथवेज स्कूल नोएडा, प्रोमेथियस स्पोर्ट्स अकादमी, सैंक्टा मारिया इंटरनेशनल स्कूल, अरावली इंटरनेशनल स्कूल, कोठारी इंटरनेशनल स्कूल नोएडा, प्रज्ञान स्कूल ग्रेटर नोएडा, लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल, माउंट कार्मेल स्कूल, श्री वेंकटेश्वर इंटरनेशनल स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल, ज्ञानश्री स्कूल, द खेतान स्कूल नोएडा, बाल भारती पब्लिक स्कूल पीतमपुरा, एपीजे स्कूल फरीदाबाद, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल पश्चिम विहार, इंद्रप्रस्थ ग्लोबल स्कूल और संत निरंकारी बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित कई संस्थानों के तैराकों ने प्रतिभाग किया।

बालक वर्ग में ये बने सर्वश्रेष्ठ तैराक

बालक वर्ग में ग्रुप-1 के सर्वश्रेष्ठ तैराक सैंक्टा मारिया इंटरनेशनल स्कूल के देवांश राज जुल्का रहे। ग्रुप-2 में अरावली इंटरनेशनल स्कूल के आरेज आसिफ, ग्रुप-3 में प्रोमेथियस स्पोर्ट्स अकादमी के रुद्र जोशी और ग्रुप-4 में इसी अकादमी के शौर्यन मलिक ने यह उपलब्धि हासिल की।

ग्रुप-5 में बाल भारती पब्लिक स्कूल, पीतमपुरा के शौर्य सिंह सर्वश्रेष्ठ तैराक बने। वहीं, ओपन श्रेणी में संत निरंकारी बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के चैतन्य शर्मा को सर्वश्रेष्ठ तैराक चुना गया।

बालिका वर्ग में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी

बालिका वर्ग में ग्रुप-1 से प्रोमेथियस स्कूल की मेशिका लवानिया, ग्रुप-2 से प्रोमेथियस स्पोर्ट्स अकादमी की श्रद्धा जोशी और ग्रुप-3 से माउंट कार्मेल स्कूल की परिधि सर्वश्रेष्ठ तैराक बनीं।

ग्रुप-4 में श्री वेंकटेश्वर इंटरनेशनल स्कूल की नायरा भीमा और ग्रुप-5 में आर्मी पब्लिक स्कूल की प्रज्ञा भदौरिया ने यह उपलब्धि हासिल की।

खेलों को शिक्षा के समान प्राथमिकता देने पर जोर

प्रोमेथियस स्कूल के संस्थापक चेयरपर्सन एवं हेड ऑफ स्कूल मुकेश शर्मा ने कहा कि खेलों को शिक्षा के समान प्राथमिकता दी जानी चाहिए। भविष्य के चैंपियन तैयार करने के लिए बच्चों को स्कूली स्तर से ही उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और नियमित प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि चैंपियन बनने की शुरुआत स्कूल से होती है और यह प्रतियोगिता इसी सोच को साकार करने का प्रयास है। जब बच्चे अपने हमउम्र खिलाड़ियों को पुरस्कार मंच पर देखते हैं, तो उनमें खेल के प्रति लगन और आगे बढ़ने की प्रेरणा पैदा होती है।

प्रतियोगिता का  सीधा प्रसारण भी किया गया

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे देशभर के अभिभावक और खेल प्रेमी युवा तैराकों के प्रदर्शन को देख सके। दो दिवसीय आयोजन का समापन खिलाड़ियों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन और खेल भावना के साथ हुआ।