Noida News : नोएडा में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर पुलिस आयुक्त व डीएम ने की समीक्षा
Noida News : आगामी श्रावण मास एवं शिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गौतमबुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, विद्युत, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
Police Commissioner Gautam Buddh Nagar : बैठक में पुलिस आयुक्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने पुलिस विभाग को संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित करने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को अपने-अपने कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति का तत्काल समाधान किया जा सके।
District Magistrate Noida : जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कांवड़ शिविरों में पेयजल, स्वच्छता, डस्टबिन, स्नानघर, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वर्षा ऋतु को देखते हुए नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त एम्बुलेंस, चिकित्सकीय टीम और एंटी वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख स्थानों, कांवड़ शिविरों और थाना-चौकियों के समीप मेडिकल कैंप स्थापित करने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा।
विद्युत विभाग को कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा बिजली के पोलों को इंसुलेशन से ढकने के निर्देश दिए गए, जिससे बारिश के दौरान करंट फैलने जैसी घटनाओं की आशंका न रहे।
वन विभाग को मार्ग में बाधा बनने वाली झाड़ियों और पेड़ों की शाखाओं की समयबद्ध कटाई-छंटाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही संबंधित विभागों को कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कर मिलावट के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क, दिशा-सूचक और सूचना बोर्ड लगाने पर भी जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को समय पर आवश्यक जानकारी और सहायता मिल सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रविशंकर निम, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) शाव्या गोयल, अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा मनीषा सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) आर.के. गौतम, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

