Ghaziabad News : गैस सिलेंडर में रिसाव से लगी आग, बुजुर्ग महिला झुलसी
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के पुलिस लाइन के पास स्थित प्रताप नगर कॉलोनी में बुधवार को गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण आग लगने से 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला झुलस गईं। आग बुझाने के प्रयास में उनके चेहरे और हाथ झुलस गए। प्रताप नगर कॉलोनी में रहने वाली 80 वर्षीय विमला देवी अपने 12 वर्षीय नाती के साथ किराये के मकान में रहती हैं। उनके पति देवेंद्र और बेटे का पहले ही निधन हो चुका है। उनकी बेटी और दामाद पास ही रहते हैं। बुधवार शाम को विमला देवी रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर में रिसाव होने से अचानक आग लग गई, जिसे खुद ही उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटों की चपेट में आने से उनका चेहरा और दोनों हाथ झुलस गए।
शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचना दी। मुख्य दमकल अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि घटना की सूचना पर पहुंची कविनगर पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर होने पर छुट्टी दे दी गई। दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोका। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

